भोपाल। भानपुर चौराहे के पास रविवार की दरम्यानी रात करीब 2 बजे एक अनियंत्रित एलपीजी टैंकर सड़क से करीब 50 फीट नीचे उतरकर झुग्गी में घुस गया। हादसे में परिवार के साथ सो रही 7 वर्षीय खुशी गैहार टैंकर के पहिए के नीचे आ गई, जिससे उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि टैंकर इंडेन कंपनी का था।
टक्कर लगते ही इलाके में चीख-पुकार मच गई। हादसे के बाद टैंकर चालक मौके से फरार हो गया। हादसे में खुशी के माता-पिता मोनू और मनीषा के साथ ही उसके छोटे भाई आरूष (5) और टूटे (4) घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गंभीर हालत में खुशी को पीपुल्स अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिवार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मिसरिखगंज का रहने वाला है और भानपुर गोल चौराहे के पास झुग्गी में रहकर गुजर-बसर करता है। पुलिस ने टैंकर को जब्त कर लिया है और फरार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
भानपुर-आसाराम तिराहे के बीच सड़क चौड़ीकरण के चलते जगह-जगह डायवर्जन बने हुए हैं। एक ही लेन पर दोनों ओर से ट्रैफिक चलने के कारण अव्यवस्था बनी रहती है। वन-वे मिलते ही वाहन तेज रफ्तार पकड़ लेते हैं। रात में भारी वाहनों का दबाव और सूखी सेवनिया ओवरब्रिज के निर्माण के कारण बढ़ा ट्रैफिक भी हादसे की प्रमुख वजह माना जा रहा है।
