भोपाल। राठौर संघ, भोपाल द्वारा सोमवार, को पंडित खुशीलाल शर्मा आयुर्वेदिक चिकित्सा संस्थान परिसर (कलियासोत डैम के पास) में भव्य सामूहिक विवाह एवं युवक-युवती परिचय सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस गौरवमयी आयोजन में समाज के कई जोड़ों ने वैदिक रीति-रिवाजों के साथ दांपत्य जीवन में प्रवेश किया, वहीं करीब 250 युवक-युवतियों ने मंच से अपना परिचय देकर भावी जीवनसाथी की तलाश की।
इस वर्ष का आयोजन अपनी विशेष व्यवस्थाओं के कारण चर्चा में रहा। ईरान युद्ध के चलते उपजे वैश्विक ईंधन संकट और घरेलू गैस, पेट्रोल-डीजल की किल्लत को देखते हुए आयोजन समिति ने एक साहसिक निर्णय लिया। सम्मेलन में बारातियों और मेहमानों के लिए भोजन लकड़ी की पारंपरिक भट्टियों और चूल्हों पर तैयार किया गया। इस निर्णय से न केवल गैस की बचत हुई, बल्कि बिना किसी बाधा के सैकड़ों लोगों का भोजन तैयार हो सका। पर्यावरण संरक्षण की दिशा में कदम उठाते हुए पूरे परिसर को ‘प्लास्टिक मुक्त’ रखा गया।
भोजन के लिए प्लास्टिक के स्थान पर कागज के डिस्पोजल का उपयोग हुआ, वहीं पानी के लिए स्टील और तांबे के बर्तनों की व्यवस्था की गई। डिजिटल निमंत्रण पत्र भेजकर कागज की बचत करने की भी सराहना की गई। कार्यक्रम के दौरान समाज के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने दहेज प्रथा जैसी कुप्रथाओं को त्यागने का आह्वान किया। सादगीपूर्ण सामूहिक विवाह के माध्यम से सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया। इस अवसर पर समाज की विशेष पत्रिका का विमोचन भी हुआ। आयोजन को सफल बनाने में अध्यक्ष राज कुमार राठौर, उपाध्यक्ष संतोष राठौर, कार्यक्रम अध्यक्ष मदनलाल राठौर सहित समस्त पदाधिकारियों और स्वयंसेवकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम का समापन नवदंपतियों की विदाई और आशीर्वाद समारोह के साथ हुआ।
