भोपाल। लिंक रोड नंबर 2 स्थित भगवान श्री परशुराम मंदिर में इस वर्ष भी भगवान विष्णु के छठे अवतार श्री परशुराम जी का जन्मोत्सव श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। प्रांतीय भूमिहार ब्राह्मण सेवा समिति और भार्गव समाज के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। जन्मोत्सव का शुभारंभ विशेष पूजा-अर्चना के साथ हुआ।
इसके बाद हवन, पूर्णाहुति और भव्य महाआरती का आयोजन किया गया। मंदिर परिसर भगवान परशुराम के जयकारों से गुंजायमान रहा। पूजा-अर्चना के पश्चात महाप्रसाद का वितरण किया गया, जिसमें हलवा, बूंदी, फल और शीतल पेय का लगभग 700 श्रद्धालुओं ने आनंद लिया और भगवान का आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में समिति के शिव शंकर सिंह,रामायण सिंह, सुरेंद्र सिंह, मनोज सिन्हा, मुकेश पांडेय, राजेश पांडेय, युग सिंह और अभिषेक सहित अन्य सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई। सेवा समिति के मीडिया प्रभारी संतोष कुँवर ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी साझा की।
