भोपाल। अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर 1 मई 2026 को ऑल इंडिया बीएचईएल एम्प्लाइज यूनियन (AIBEU) द्वारा “एक शाम – बीएचईएल श्रमिकों के नाम” शीर्षक से लगातार 10वें वर्ष भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन नेशनल फ्रंट ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियन (NFITU) से संबद्ध प्रतिनिधि यूनियन ऐबू के तत्वावधान में किया जा रहा है।
आयोजन सायं 7 बजे से 333, सी-2, ए-सेक्टर, पिपलानी स्थित एआईबीईयू कार्यालय में संपन्न होगा। कार्यक्रम के दौरान बीएचईएल के श्रमिकों एवं उनके प्रतिभावान बच्चों को सम्मानित किया जाएगा।
साथ ही इस अवसर पर बेस्ट वर्कर, बेस्ट सुपरवाइजर, बेस्ट एग्जीक्यूटिव, क्वालिटी सर्कल ग्रुप एवं एक्सल अवॉर्ड प्राप्त कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त इंटर यूनिट एवं इंटर पीएसयू खेलों में पदक प्राप्त करने वाले खिलाड़ी एवं टीमों, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धि हासिल करने वाले कर्मचारियों के बच्चों तथा महिला कर्मचारियों को भी सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आयोजित की जाएंगी, जिससे श्रमिकों के परिश्रम और योगदान को सम्मान देने का संदेश दिया जाएगा।
यूनियन के महामंत्री रामनारायण गिरी के अनुसार, इस आयोजन का उद्देश्य श्रमिकों के समर्पण और मेहनत को पहचान देना तथा समाज में उनके महत्व को रेखांकित करना है। उन्होंने सभी श्रमिक साथियों एवं आमजन से कार्यक्रम में शामिल होकर इसे सफल बनाने की अपील की है।
ऐबू ने अपने संदेश में कहा कि “मजदूर वह है, जिसका हर संघर्ष उसकी पहचान है और जो अपने कर्म से ही सम्मान अर्जित करता है।” कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए यूनियन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता तैयारियों में जुटे हुए हैं।
