पंजाब। भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार को संगरूर में भगवंत सिंह मान के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। जिला भाजपा संगरूर इकाई द्वारा पुलिस लाइन के बाहर आयोजित इस प्रदर्शन में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पंजाब सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने हाथों और गले में जंजीरें पहनकर अनोखे तरीके से विरोध दर्ज कराया।
भाजपा नेताओं का आरोप है कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की हालिया टिप्पणी से लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं। इसके विरोध में पार्टी पूरे पंजाब में प्रदर्शन कर रही है। उन्होंने मांग की कि या तो मुख्यमंत्री मान को गिरफ्तार किया जाए या फिर प्रदर्शन कर रहे भाजपा कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया जाए।
भाजपा नेताओं ने चेतावनी दी कि जब तक मुख्यमंत्री सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते, तब तक पार्टी का विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। इस दौरान भाजपा नेताओं ने रवजोत ग्रेवाल को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन के दौरान पुलिस की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।
दरअसल, मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने हाल ही में बठिंडा में अपनी ‘शुकराना यात्रा’ के दौरान भाजपा पर तीखा हमला बोला था। उन्होंने आरोप लगाया था कि भाजपा राज्य में नफरत फैलाने और सांप्रदायिक आधार पर लोगों को बांटने की कोशिश कर रही है। मुख्यमंत्री ने इस दौरान शिरोमणि अकाली दल के नेताओं सुखबीर सिंह बादल और बिक्रम सिंह मजीठिया पर भी निशाना साधा था।
