भोपाल। भारत हैवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (भेल) भोपाल के कार्यपालक निदेशक (ईडी) पीके उपाध्याय ने महाप्रबंधकों, डीआरओ और विभागाध्यक्षों की गरिमामयी उपस्थिति में नवनिर्मित अत्याधुनिक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग प्रणालियों का आधिकारिक तौर पर उद्घाटन किया। भेल के डिजिटल बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और उद्यम में डिजिटल परिवर्तन पहलों को गति देने की दिशा में इसे एक बड़ा व महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
इन उन्नत वीसी प्रणालियों को पीसी-आधारित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग सिस्टम के लिए कॉर्पोरेट-व्यापी दर अनुबंध के तहत लागू किया गया है। इसमें भेल भोपाल के डीटीजी विभाग ने संपूर्ण भारत की सभी भेल इकाइयों के लिए मुख्य खरीद एजेंसी के रूप में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस परियोजना के तहत विभिन्न भेल इकाइयों, क्षेत्रों और परियोजना स्थलों पर कुल 174 वीसी कक्षों को सफलतापूर्वक स्थापित किया गया है। वहीं भेल भोपाल में 7 उन्नत वीसी प्रणालियाँ चालू की गई हैं, जिनमें 5 अपग्रेड (प्रतिस्थापित) किए गए वीसी कक्ष और डीटीजी कॉन्फ्रेंस हॉल तथा विकास हॉल में स्थापित 2 नवनिर्मित उच्च क्षमता वाली वीसी सुविधाएं शामिल हैं।
दर अनुबंध के पूरे जीवनचक्र का प्रबंधन भेल भोपाल के डीटीजी विभाग द्वारा बेहद कुशलतापूर्वक किया गया, जिसके अंतर्गत विभिन्न इकाइयों की आवश्यकताओं का एकीकरण, तकनीकी विशिष्टताओं को अंतिम रूप देना, बजट निर्धारण, अनुमोदन, जीईएम पोर्टल के माध्यम से पारदर्शी निविदा प्रक्रिया और एल1 बोलीदाता को एलओआई जारी करने जैसे सभी कार्य शामिल रहे। इस सफल कार्यान्वयन को डीटीजी टीम के संजीव कुमार (प्रबंधक), संजीव लुगुन (वरिष्ठ प्रबंधक) और सतीश असनानी (वरिष्ठ डीजीएम) द्वारा पूरा किया गया, जिन्हें एनपी सनोदिया (एजीएम एवं विभागाध्यक्ष) और विवेक पाठक (एजीएम) का विशेष मार्गदर्शन व सहयोग प्राप्त हुआ।
इसके अतिरिक्त, इस दर अनुबंध के तहत क्लाउड-आधारित वीसी प्लेटफॉर्म के कुल 953 लाइसेंस खरीदे गए हैं, जिसमें भेल भोपाल के लिए आवंटित 80 लाइसेंस भी शामिल हैं, जो पूरे संस्थान में निर्बाध संचार को सक्षम बनाएंगे। नए तैनात किए गए यह पीसी-आधारित वीसी सिस्टम उन्नत, क्लाउड-रेडी सुविधाओं से लैस हैं, जो ज़ूम , माइक्रोसॉफ्ट टीम्स और सिस्को वेबेक्स जैसे प्रमुख प्लेटफॉर्म के साथ सहज अनुकूलता प्रदान करते हैं। यह आधुनिक समाधान एमसीयू जैसे अतिरिक्त हार्डवेयर की आवश्यकता को समाप्त करता है, उच्च स्केलेबिलिटी सुनिश्चित करता है, लचीले मल्टी-स्क्रीन कॉन्फ़िगरेशन का समर्थन करता है, और दूर-दराज के क्षेत्रों के बीच बेहतर सहयोग को सक्षम बनाता है।
