आज मंदिर में स्वच्छता अभियान, श्राद्ध अमावस्या पर होगा पितृ-तर्पण
भोपाल। रायसेन रोड पटेल नगर स्थित जागृत एवं दर्शनीय तीर्थस्थल दादाजी धाम मंदिर में शनिवार को शिव चतुर्दशी के पावन अवसर पर श्रद्धा एवं भक्ति के साथ विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुरुषोत्तम मास के उपलक्ष्य में पंडित राजेन्द्र पलिया के सानिध्य में उपस्थित महिलाओं ने विधि-विधान से पूजन किया। इसके पश्चात भगवान शिव एवं माता पार्वती का दूध, दही तथा पवित्र जल से विशेष अभिषेक संपन्न हुआ। अभिषेक के उपरांत शिवलिंग का रुद्राक्ष मालाओं से भव्य श्रृंगार किया गया। शास्त्रों के अनुसार रुद्राक्ष की उत्पत्ति भगवान शिव के अश्रुओं से हुई है और मान्यता है कि इससे सुख, शांति, आरोग्य एवं समृद्धि की प्राप्ति होती है।
कार्यक्रम में महाआरती के बाद श्रद्धालुओं द्वारा सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ कर वातावरण को भक्तिमय बनाया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी जनता उपस्थित रही। श्री श्री 1008 श्री दादाजी गुरुदेव चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष शिवरतन नामदेव एवं मंदिर व्यवस्था समिति ने बताया कि आज रविवार, 14 जून को दादाजी धाम मंदिर व्यवस्था समिति एवं नामदेव विकास परिषद, मध्य प्रदेश के तत्वावधान में “मंदिर चलो स्वच्छता अभियान” का आयोजन किया जाएगा।
“स्वच्छ मंदिर, स्वच्छ मन, स्वस्थ समाज” के संकल्प के साथ यह अभियान प्रातः 7:00 बजे से प्रारंभ होगा, जिसका उद्देश्य समाज में स्वच्छता और सेवा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। इसके साथ ही आज श्राद्ध अमावस्या के अवसर पर पितृ-स्मरण, तर्पण एवं पुण्य कर्मों का विशेष आयोजन भी किया जाएगा। मंदिर समिति ने सभी श्रद्धालुओं से इस पावन अवसर पर उपस्थित होकर धर्म लाभ प्राप्त करने की अपील की है।
