भोपाल। राजधानी के रायसेन रोड, पटेल नगर स्थित जागृत एवं दर्शनीय तीर्थस्थल दादाजी धाम मंदिर में “मंदिर चलो स्वच्छता अभियान” श्रद्धा, सेवा और जन-जागरण के भाव के साथ सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। “स्वच्छ मंदिर, स्वच्छ मन, स्वस्थ समाज” के पावन संकल्प के साथ यह अभियान दादाजी धाम मंदिर व्यवस्था समिति एवं नामदेव समाज विकास परिषद, मप्र के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया।

प्रातः 7 बजे प्रारंभ हुए इस सेवा कार्य में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, समाजजनों एवं कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक श्रमदान कर मंदिर परिसर, उद्यान, सभा स्थल और मार्गों की व्यापक साफ-सफाई की। परिसर से एकत्रित किए गए सूखे पत्तों और कचरे के समुचित निष्पादन के लिए भोपाल नगर निगम के वार्ड क्रमांक 62 के सहयोग से विशेष कचरा संग्रहण वाहन की व्यवस्था की गई थी। अभियान के दौरान स्वयंसेवकों ने मंदिर के विशाल मैदान, गर्भगृह, सभागार एवं शिवालय को स्वच्छ कर सुंदर और आकर्षक स्वरूप प्रदान किया। इस पावन अवसर पर भगवान लक्ष्मी-नारायण, राधा-कृष्ण एवं अन्य विग्रहों का विशेष श्रृंगार एवं अलंकरण भी किया गया।

श्री श्री 1008 श्री दादाजी गुरुदेव चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष शिवरतन नामदेव ने स्वच्छता की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मंदिर केवल पूजा-अर्चना का केंद्र नहीं, बल्कि सामाजिक जागरूकता, सेवा एवं संस्कारों का भी प्रमुख माध्यम है। इस अभियान में नामदेव समाज विकास परिषद के संरक्षक जीवन नामदेव, अजय कुमार नामदेव (एडवोकेट), कोषाध्यक्ष भीकमसिंह नामदेव, दीपक नामदेव, नीलिमा नामदेव, ममता नामदेव सहित मातृशक्ति और समाज के अनेक प्रबुद्धजनों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। नगर निगम की ओर से विनोद शर्मा (एच.ओ.), सुनील कुटियाना (दरोगा) और उनकी टीम ने भी सराहनीय योगदान दिया।
अभियान के समापन पर सभी ने स्वच्छता को जन-आंदोलन बनाने का संकल्प लिया। स्वच्छता महायज्ञ के साथ ही रविवार को श्राद्ध अमावस्या के पावन अवसर पर मंदिर परिसर में पितृ-स्मरण, तर्पण एवं पुण्य कर्मों का विशेष आयोजन किया गया। विद्वान पंडितों ने इस दिन का धार्मिक महत्व बताते हुए विधि-विधान से श्रद्धालुओं से पितरों का तर्पण और दान-पुण्य संपन्न कराया, जिससे भक्तों ने आत्मिक शांति और धर्मलाभ प्राप्त किया।
