भोपाल। राजधानी के छोला मंदिर थाना क्षेत्र में एक 13 वर्षीय स्कूली छात्रा के साथ घर में घुसकर दुष्कर्म करने का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। वारदात को अंजाम देने वाला आरोपी पीड़िता के चाचा का परिचित है, जिसे पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए गिरफ्तार कर लिया है। शनिवार सुबह पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, सातवीं कक्षा में पढ़ने वाली 13 वर्षीय किशोरी 13 जून को अपने घर में अकेली थी। इसी दौरान आरोपी युवक, जिसका पीड़िता के घर आना-जाना था, अंदर घुस आया। उसने छात्रा को जान से मारने की धमकी देकर उसके साथ गलत काम किया।
घटना के बाद से ही दहशत में आई छात्रा गुमसुम रहने लगी थी। उसकी मानसिक और शारीरिक स्थिति देखकर जब परिजनों ने विश्वास में लेकर पूछताछ की, तब जाकर इस घिनौनी वारदात का खुलासा हुआ। इसके बाद परिजन पीड़िता को लेकर थाने पहुंचे। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फौरन घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया, जिसने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
