भोपाल। बीएचईएल हेल्पिंग हैंड्स के टेक्निकल सेंटर में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर एक विशेष योग शिविर का भव्य आयोजन किया गया। इस गरिमामयी कार्यक्रम में श्रीमती संगीता रामनाथन ने विशेष अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि भेल लेडीज क्लब की अध्यक्षा श्रीमती रोजी उपाध्याय ने मुख्य अतिथि के रूप में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ अतिथियों द्वारा पारंपरिक दीप प्रज्वलन कर किया गया।
उपस्थित कर्मचारियों और क्लब सदस्यों को संबोधित करते हुए भेल लेडीज क्लब की अध्यक्षा श्रीमती रोजी उपाध्याय ने स्वयं कर्मचारियों के साथ योग सत्र में भाग लिया। उन्होंने स्वास्थ्य और कार्य के संतुलन पर बल देते हुए कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में कर्मचारियों के लिए कार्य के साथ-साथ नियमित योग करना अत्यंत आवश्यक है। योग से न केवल मन प्रसन्न रहता है, बल्कि मानसिक तनाव से भी मुक्ति मिलती है। उन्होंने विश्वास जताया कि स्वस्थ मन और शरीर के साथ कर्मचारी संस्थान के उत्पादन कार्यों में अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान दे सकेंगे। इस अवसर पर आमंत्रित योग गुरु मदन दंडपत्त ने योग और प्राणायाम के महत्व पर अपने बहुमूल्य विचार साझा किए। उन्होंने उपस्थित जनसमूह को विभिन्न योगासनों और ध्यान का अभ्यास कराया तथा दैनिक जीवन में योग को अपनाने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम की शुरुआत में संस्था के प्रबंधक द्वारा योग गुरु का पुष्पगुच्छ भेंट कर भावभीना स्वागत किया गया। समारोह में बीएचईएल लेडीज क्लब के टेक्निकल सेंटर की उपाध्यक्ष श्रीमती अनुजा मजुमदार ने मुख्य अतिथि सहित सभी आगंतुकों का स्वागत किया और योग दिवस की प्रासंगिकता पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम के समापन पर कोषाध्यक्ष श्रीमती शीतल जुनेजा ने सभी अतिथियों, प्रबंधकों और कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया।
