– अतिथियों का तिलक लगाकर किया स्वागत, आईडी कार्ड से दिया प्रवेश
– बेहतर फरफारमेंस पर प्रतिभागियों को सोने की अंगूठी, झुमका, मोबाइल मिलेगा इनाम
– भोजपाल गरबा महोत्सव: जम्बूरी मैदान पर छह दिन तक टीवी अभिनेत्रियों की रहेगी धूम
भोपाल.
राजधानी के जम्बूरी मैदान पर शनिवार से भोजपाल गरबा महोत्सव का भव्य आगाज किया गया। मुख्य अतिथि सांसद आलोक शर्मा ने भगवान गणेश की पूजा-अर्चना कर गरबा महोत्सव की शुरुआत की। विशिष्ठ अतिथि भेल भोपाल के कार्यपालक निदेशक एम रामनाथन रहे। कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर भोजपाल गरबा महोत्सव के अध्यक्ष सुनील यादव, संयोजक विकास वीरानी, महामंत्री हरीश कुमार राम सहित पूरी टीम मौजूद रही।
10 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले गरबा महोत्सव के लिए आयोजन स्थल को गुजरात की थीम पर सजाया गया है। रंगबिरंगी लाइट की रोशनी और साउंड की थाप पर यहां आने वाला हर कोई थिरकने को मजबूर हो गया। पहले साल ही भव्यता का स्वरूप लेकर भोजपाल गरबा महोत्सव शहरवासियों के बीच उभर कर सामने आया। शुभारंभ के मौके पर ही 10 हजार से ज्यादा अतिथि और शहरवासी गरबा डांडिया रास देखने पहुंचे। 500 से ज्यादा प्रशिक्षित महिला-पुरुषों ने गरबा, डांडिया नृत्य कर माता रानी की आराधना की। आमजन के लिए अलग घेरा बनाया गया है, जहां लोग अपने परिवार के साथ गरबा डांडिया कर रहे हैं।
टीका तिलक लगाकर किया स्वागत, आधार कार्ड से दी एंट्री
अध्यक्ष सुनील यादव ने बताया कि यह पूरा आयोजन सांस्कृतिक और धार्मिक है। भोजपाल गरबा महोत्सव में शामिल होने के लिए आने वाले अतिथियों का मुख्य द्वार पर टीका, तिलक लगाकर स्वागत किया जा रहा है। लोगोंं को आईडी कार्ड देखकर प्रवेश दिया गया।
मुम्बई के टीवी कलाकार देंगे प्रस्तुति
आयोजन में मुम्बई से टीवी कलाकार अपनी प्रस्तुति देने आ रही हैं। बरबा महोत्सव में टीवी अभिनेत्री रश्मिी देसाई, सौम्या टंडन और भोजपुरी गायिका व अभिनेत्री अक्षरा सिंह अपनी प्रस्तुति देने आ रही हैं। रविवार को टीवी अभिनेत्री रश्मिी देसाई शहरवासियों से रूबरू होने आ रही हैं।
प्रतिभागियों को सोने की अंगूठी, झुमका, मोबाइल मिलेगा इनाम
भोजपाल गरबा महोत्सव में गरबा, डांडिया करने वाले प्रतिभागियों को सोने की अंगूठी, झुमका, मोबाइल, स्मार्ट वॉच और इयर फोन इनाम में मिलेगा। आयोजक मंडल ने एक सोने की अंगूठी, एक सोने की चैन, सात मोबाइल, 25 इयर फोन और 25 स्मार्ट वॉच देने का निर्णय लिया है।
