भोपाल। भारत हैवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (भेल) के भोपाल कारखाने में इंसेंटिव रिवीजन की मांग को लेकर सीटू यूनियन का चरणबद्ध आंदोलन अब और तेज हो गया है। अपनी मांगों के समर्थन में और प्रबंधन के प्रति अपना आक्रोश व्यक्त करने के लिए कर्मचारियों ने कार्यस्थल पर काला बैज लगाकर विरोध दर्ज कराया। यूनियन के पदाधिकारी लगातार कर्मचारियों के बीच जाकर उन्हें इस आंदोलन से जुड़ने और एकजुटता दिखाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। आंदोलन की रणनीति के तहत यूनियन प्रतिनिधियों ने भोपाल स्थित भेल के ‘2 नंबर ब्लॉक’ में कर्मचारियों से सघन संपर्क किया।
इस दौरान बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने न केवल यूनियन की अपील का समर्थन किया, बल्कि इंसेंटिव रिवीजन की आवश्यकता पर भी जोर दिया। कर्मचारियों की इस एकजुटता ने प्रबंधन के सामने अपनी मांगों को और मजबूती से रखा है। यूनियन ने दोटूक शब्दों में कहा है कि कर्मचारी लंबे समय से अपने जायज हक का इंतजार कर रहे हैं।
यूनियन नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि प्रबंधन ने जल्द ही जेसीएम की तारीख घोषित नहीं की, तो वर्तमान आंदोलन को भविष्य में और भी उग्र और व्यापक बनाया जाएगा। गौरतलब है कि पिछले कुछ समय से भेल में विभिन्न कर्मचारी संगठन अपनी लंबित मांगों को लेकर लगातार सक्रिय हैं।
