भोपाल। हेवी इलेक्ट्रिकल्स श्रमिक ट्रेड यूनियन (एचएमएस) ने बीएचईएल (भेल) भोपाल के कार्यपालक निदेशक को एक पत्र सौंपकर कर्मचारियों की ज्वलंत समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग की है। यूनियन के अध्यक्ष जितेंद्र सिंह और महासचिव हेमंत कुमार सिंह द्वारा प्रेषित इस पत्र में उल्लेख किया गया है कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में बीएचईएल ने 1578 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ अर्जित किया है।
यूनियन का कहना है कि यह बड़ी उपलब्धि कर्मचारियों के कठिन परिश्रम और निष्ठा का परिणाम है, इसलिए अब कंपनी की सुदृढ़ आर्थिक स्थिति का लाभ कर्मचारियों को भी मिलना चाहिए। यूनियन ने अपने 16 सूत्रीय मांग पत्र में मुख्य रूप से पीपीपी हेतु संयुक्त समिति की बैठक बुलाकर न्यूनतम 60,000 रुपये भुगतान करने और रिवार्ड स्कीम के तहत 10,000 रुपये की राशि देने की मांग की है। इसके अलावा, जर्जर हो चुकी टाउनशिप के स्थान पर आधुनिक मल्टीप्लेक्स आवासीय कॉम्प्लेक्स का निर्माण, कस्तूरबा अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति और हेजार्ड एरिया में कार्य करने वाले कर्मचारियों को ‘हेजार्ड भत्ता’ देने पर जोर दिया गया है।
पत्र में कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने के लिए वर्कर-अधिकारी अनुपात को संतुलित करने, अधिकारियों के 15% पर्क में कटौती बंद करने और पुराने हो चुके लैपटॉप की जगह नए लैपटॉप देने की मांग भी शामिल है। अन्य मांगों में कैंटीन में आधुनिक रोटी मशीन, कार्यस्थल पर बैठने के लिए कुर्सी की व्यवस्था और स्वच्छ पेयजल के लिए वॉटर कूलरों का नियमित मेंटेनेंस सुनिश्चित करना शामिल है। यूनियन ने कोविड-19 के दौरान दिवंगत कर्मचारियों के परिवारों के लिए अनुकम्पा राशि जारी रखने और स्थानांतरण नीति को पारदर्शी बनाने की भी अपील की है। पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई है कि प्रबंधन इन मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करेगा ताकि कर्मचारियों का मनोबल बना रहे
