भोपाल
यूं तो बीएचईएल भोपाल में तत्कालीन कार्यपालक निदेशक एमके दुबे ने ईडी दरबार लगाने की परपंरा शुरू की थी जो काफी हद तक सफल भी रही लेकिन इसके बाद से कोई भी ईडी दरबार को सफल नहीं कर पाया। पूर्व कार्यपालक निदेशक राजीव सिंह ने भी इस परपंरा को शुरू करने का ऐलान ही किया था और उनका एचएमटी बंगलुरू भेज दिया गया। अब नये कार्यपालक निदेशक एसएम रामनाथन फिर से इस परपंरा को 10 फरवरी से शुरू करने की घोषणा कर चुके हैं।
खासबात यह है कि पहले यह दरबार ईडी बंगले के पास लगता था और अब भेल उद्योग नगरी के नर्मदा गेस्ट हाउस में दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक लगेगा । इसका नाम बदल कर संपर्क योजना कर दिया गया है । 10 फरवरी से ईडी साहब कर्मचारी व अन्य लोगों की समस्याओं को सुना करेंगे । हर शनिवार एक दिन में 15 प्रकरणों को ही सुना जायेगा।
इसके लिये भी कूपन की व्यवस्था की गई है जो संपदा भवन, हॉस्टल नं. – 04, नगर प्रशासन विभाग के कार्यालय में उपलब्ध रहेंगे। कर्मचारी एवं अन्य उक्त स्थान से तीन दिवस पूर्व कूपन प्राप्त करेंगे और अपनी व्यथा का संक्षिप्त विवरण दर्ज करवायेंगे इसके बाद बैठक के दिन अपने लिखित आवेदन के साथ उपस्थित होंगे। बड़ी बात यह है कि भेल मानव संसाधन- औद्योगिक संबंध द्वारा जारी क्र. भो/मा.सं. – औ.सं./2024 परिपत्र में यह नहीं बताया कि आखिर कर्मचारी व अन्य द्वारा की गई शिकायत या बैठक में रखी समस्या का निराकरण कब होगा या फिर ठंडे बस्ते में चला जायेगा ।
