भोपाल
बीएचईएल भोपाल यूनिट में गत दिवस मानव संसाधन विभाग के अपर महाप्रबंधक आरिफ सिद्दीकी के नाम से किसी अज्ञात व्यक्ति ने बीएचईएल भोपाल में नौकरी दिलाने के नाम पर एक परिपत्र जारी कर दिया इससे बीएचईएल में हड़कंप मचा हुआ है । यह परिपत्र व्हाट्स एप पर जारी हुआ है । इसको लेकर भेल प्रबंधन ने एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि भेल के औद्योगिक सम्बंध, मानव संसाधन विभाग के नाम से 13 फरवारी 2024 का उल्लेख करते हुए जारी एक फर्जी परिपत्र की सूचना प्राप्त हुई है जो किसी शरारती तत्व कई व्हाट्स एप ग्रुप पर भेजी गई हैं।
इस परिपत्र में यह उल्लेख किया गया है कि भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड,भोपाल में मशीनिष्ट व्यवसाय के कर्मचारियों की आवश्यकता है और सभी मशीनिष्ट व्यवसाय के प्रशिक्षुओं को आर्टीजन के रूप में नियुक्त किया जाता है एवं दिनांक 14 फरवरी 2024 को 5वीं मंजिल पर नियुक्ति पत्र वितरित किया जाएगा। इस संदर्भ में शरारती तत्व के विरूद्ध प्रबंधन द्वारा आवश्यक कार्र्वाई की जा रही है । विज्ञप्ति में कहा है कि इसके साथ सभी आम लोगों को यह सूचित किया जाता है कि वे इस तरह के फर्जी और भ्रामक परिपत्र से गुमराह न हों। बीएचईएल केंद्र सरकार का एक प्रतिष्ठित महारत्न उपक्रम है और यहां किसी भी तरह की भर्ती एक निहित प्रक्रिया के अधीन विधिवत विज्ञापन निकाल कर ही की जाती है।
