भोपाल
रक्षा मंत्रालय ने नौसेना के लिए 16 उन्नत ‘सुपर रैपिड गन माउंट’ (एसआरजेएम) और संबंधित सहायक उपकरण खरीदने के लिए सरकारी कंपनी भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल) के साथ मंगलवार को 2,956 करोड़ रुपये का एक करार किया। एसआरजीएम एक मध्यम क्षमता की मिसाइल रोधी और विमान रोधी हथियार प्रणाली है जो प्रहार करने में निरंतरता और उच्च सटीकता प्रदान करती है। मंत्रालय ने कहा कि उन्नत एसआरजीएम को भारतीय नौसेना के सेवारत और नवनिर्मित पोतों पर स्थापित किया जाएगा।इसने एक बयान में कहा, रक्षा मंत्रालय ने ‘भारत से खरीद’ श्रेणी के तहत भारतीय नौसेना के लिए 2956.89 करोड़ रुपये की लागत से 16 उन्नत सुपर रैपिड गन माउंट के साथ संबंधित सहायक उपकरण की खरीद के लिए 28 नवंबर को भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड , हरिद्वार के साथ एक अनुबंध पर हस्ताक्षर किए। इसमें कहा गया है कि बीएचईएल उन्नत एसआरजीएम का निर्माण अपने हरिद्वार स्थित संयंत्र में करेगी।
