— सर्वोदय और जन सहयोग समिति के वास्तविक सदस्यों के हितों की होगी रक्षा
— टीएंडसीपी, सहकारिता और नगर निगम के अधिकारियों को दिये निर्देश
भेल भोपाल।
पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृष्णा गौर ने सर्वोदय और जन सहयोग समिति के वास्तविक सदस्यों को आश्स्वत किया कि उन्हें भू-माफियों से डरने की आवश्यकता नहीं है। उनके हितों की पूरी-पूरी सुरक्षा की जायेगी। राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती गौर ने सहकारिता, नगर निगम और टीएंडसीपी के अधिकारियों को कार्रवाई करने के निर्देश दिये। राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती गौर सोमवार को निवास कार्यालय पर जन सहयोग और सर्वोदय समिति के सदस्यो के साथ उनकी समस्या पर चर्चा कर रही थी।
खजूरी कला, भेल स्थित सर्वोदय और जन सहयोग समिति के सदस्यों ने राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती गौर को उनकी समस्या से अवगत कराया। सदस्यों ने बताया कि 1980 के दशक में पहली बार बनी सर्वोदय समिति में उनके द्वारा लिए गये भूखण्ड का विकास शुल्क दिया गया, इसके बाद जन सहयोग समिति ने विकास शुल्क लिया और अब एक अन्य भू-माफिया उनके भूखण्डों पर कब्जा करने का प्रयास कर रहा है। भू-माफिया द्वारा कॉलोनी में पार्क और अन्य कार्यो के लिए सुरक्षित भूमि को भूखण्डों के रूप में परिवर्तित कर हेरा-फेरी की जा रही है। राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती गौर ने समिति के सदस्यों की बातों को गंभीरता से सुना और कार्यवाही के लिए अधिकारियों को निर्देश दिये।
उन्होने कहां कि नगर निगम के द्वारा विकास अनुमति नहीं दिये जाने के बावजूद जन सहयोग एवं सर्वोदय समिति में कोई व्यक्ति रोड एवं नाली का निर्माण कैसे कर सकता है। इसके साथ ही टीएंडसीपी के द्वारा पार्क आदि के लिए आरक्षित भूखण्ड को आवासिय भूखण्ड के रूप में कैसे दे सकता है। इस संबंध में टीएंडसीपी, नगर निगम एवं सहकारिता विभाग तुरंत कार्यवाही करे और इस कॉलोनी में की जा रही अवैध गतिविधियों को तुरंत रोके। उन्होने कहां कि सर्वोदय और जन सहयोग समिति के वास्तविक सदस्यों के हितों की पूरी-पूरी रक्षा की जाये। बैठक में एसडीएम एलके खरे, रविश श्रीवास्तव, उप सहकारिता आयुक्त आरसी विश्वकर्मा, उप आयुक्त नगर निगम और टीएंडसीपी से सुश्री सुनीता सिंह एवं अन्य अधिकारी मौजूद थे।
