भोपाल। बीएचईएल थ्रिफ्ट एण्ड क्रेडिट को-ऑपरेटिव सोसायटी लि. पिपलानी, भोपाल द्वारा शैक्षणिक वर्ष 2024-25 के लिए ‘प्रतिभा सम्मान समारोह’ का आयोजन किया जा रहा है । संस्था ने शैक्षणिक, खेलकूद और अन्य विशिष्ट क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं और सदस्यों से प्रमाण सहित आवेदन आमंत्रित किए हैं । इच्छुक सदस्य अपने आवेदन 23 मई 2026 तक संस्था कार्यालय में जमा कर सकते हैं, जिसके बाद किसी भी आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा ।
संस्था द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार, कक्षा 9वीं तक प्रथम, द्वितीय व तृतीय रैंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के प्रमाण पत्र पर रैंक का स्पष्ट उल्लेख होना अनिवार्य है । बोर्ड परीक्षाओं के लिए सीबीएसई/आईएसएसई में 90% या अधिक और मध्य प्रदेश बोर्ड में 85% या अधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्र अंकसूची संलग्न कर सकते हैं । स्नातक व स्नातकोत्तर स्तर पर केवल फाइनल परीक्षा में प्रथम तीन रैंक प्राप्त करने वाले छात्र ही पात्र होंगे । इसके अतिरिक्त, राज्य या राष्ट्रीय स्तर के खेलकूद पदक विजेताओं, एबकस, ओलंपियाड तथा चित्रकारी व फोटोग्राफी जैसे क्षेत्रों में विशिष्ट उपलब्धि हासिल करने वाले प्रतिभागी भी आवेदन कर सकते हैं ।
विशेष रूप से बीएचईएल में उत्पादन हेतु राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित कर्मचारी, इंटर यूनिट खेलकूद के पदक विजेता और प्रबंधन द्वारा वर्ष 2024-25 में उत्कृष्ट सेवा हेतु सम्मानित बेस्ट वर्कर, सुपरवाइजर व एग्जीक्यूटिव भी पुरस्कार के लिए पात्र माने गए हैं । साथ ही, यूपीएससी, नीट, आईआईटी (जेईई) जैसी प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं में चयनित बच्चों के अभिभावक भी प्रमाण सहित आवेदन दे सकते हैं । सदस्यों को आवेदन पत्र में स्वयं का नाम, स्टाफ नंबर और मोबाइल नंबर अंकित करना अनिवार्य है, जिसकी जांच के बाद संस्था द्वारा आवेदन स्वीकार किए जाने की सूचना दी जाएगी ।
