— बीएचईएल भोपाल में फोरम ऑफ वूमेन इन पब्लिक सेक्टर द्वारा वार्षिक कार्यक्रम का आयोजन
भेल भोपाल।
बीएचईएल भोपाल में फोरम ऑफ वूमेन इन पब्लिक सेक्टर द्वारा वार्षिक कार्यक्रम का आयोजन सांस्कृतिक भवन में किया गया। एसएम रामनाथन, कार्यपालक निदेशक (ओएसडी/ईआरएंडडी) एवं मुख्य अतिथि, प्रदीप कुमार उपाध्याय, महाप्रबंधक एवं प्रमुख, बीएचईएल, भोपाल एवं विशिष्ट अतिथि, डॉ. श्रीमती अल्पना तिवारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, कस्तूरबा अस्पताल एवं समन्वयक, विप्स, संतोष कुमार गुप्ता, अपर महाप्रबंधक एवं प्रमुख (मा.सं.), अध्यक्ष ने दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर संगीता रामनाथन, रोजी उपाध्याय, अध्यक्ष, बीएचईएल लेडीज क्लब, भोपाल, सभी महाप्रबंधक/डीआरओ एवं बड़ी संख्या में महिला कर्मचारी मौजूद थीं। अपने संबोधन में श्री रामनाथन ने कहा कि महिलाएं समझदारी से सोचती हैं और वे समाज में बदलाव का स्रोत हैं। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि बीएचईएल के साथ-साथ विभिन्न संगठनों में महिलाएं उच्च पदों पर हैं जो बेहतर राष्ट्र निर्माण में मदद करती हैं। उन्होंने आत्म-अनुशासन और दूसरों के प्रति कृतज्ञता के बारे में बात की। उन्होंने इस बात पर भी प्रकाश डाला कि आज देश के औद्योगिक विकास में बीएचईएल को बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभानी है और लोगों को कंपनी से बहुत उम्मीदें हैं। आज हमारे पास लगभग दो लाख करोड़ रुपये के आर्डर बुक हैं और हमें निर्धारित समय में सभी परियोजनाओं को पूरा करना है।
उन्होंने कहा कि भोपाल इकाई सबसे महत्वपूर्ण इकाइयों में से एक है और इस इकाई के कर्मचारी को सभी के लिए रोल मॉडल के रूप में कार्य करना चाहिए। विप्स बीएचईएल, भोपाल की यूनिट समन्वयक डॉ. अल्पना तिवारी ने विप्स, भोपाल की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला, जबकि नम्रता जायसवाल, सचिव विप्स ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। विप्स, भोपाल चैप्टर के पदाधिकारियों को वर्ष के दौरान उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। अंत में भेल, विप्स भोपाल द्वारा आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए गए। कार्यक्रम का संचालन पारुल श्रीवास्तव और अमृता आनंद करमाकर एवं धन्यवाद ज्ञापन सुश्री क्लारा टोप्पो द्वारा किया गया।
