भोपाल
संगठन एवं सेवा के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सेवा प्रकल्प सेवा भारती विभाग द्वारा शनिवार को एक स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जा रहा है। देश में संभवतः पहली बार किसी एक शहर में, एक ही दिन और एक ही समय पर 100 अलग-अलग सेवा बस्तियों में नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे। ये सभी शिविर प्रातः 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक संचालित होंगे। शिविरों में ब्लड प्रेशर, डायबिटीज, एनीमिया, स्तन कैंसर, सर्वाइकल कैंसर, ओरल कैंसर एवं टीबी संबंधी जांचें की जाएंगी। इसके अतिरिक्त अंगदान के प्रति जागरूकता और स्वास्थ्य परामर्श भी प्रदान किया जाएगा। शिविरों में एलोपैथिक, होम्योपैथिक एवं आयुर्वेदिक पद्धति के चिकित्सक अपनी सेवाएं देंगे। आयोजकों के अनुसार, जिन व्यक्तियों में किसी प्रकार की बीमारी के लक्षण पाए जाएंगे या रोग की पुष्टि होगी, उनके लिए संघ के कार्यकर्ता सुनियोजित फॉलो-अप करेंगे।
जरूरतमंदों को संबंधित विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं अस्पतालों तक पहुंचाकर समुचित उपचार सुनिश्चित करने में सहयोग दिया जाएगा। इस महाअभियान को सफल बनाने में भोपाल मेमोरियल हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर, चिरायु मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, पीपल्स मेडिकल कॉलेज, एलएन मेडिकल कॉलेज, मानसरोवर मेडिकल कॉलेज, एलबीएस मेडिकल कॉलेज एवं आरडी मेमोरियल मेडिकल कॉलेज सहित अनेक नर्सिंग होम्स का सहयोग प्राप्त हो रहा है। साथ ही सबका सहारा वेलफेयर सोसाइटी एवं मध्यप्रदेश टीबी एसोसिएशन भी विशेष सहयोग प्रदान कर रहे हैं। आयोजन के संयोजक डॉ. अभिजीत देशमुख एवं भोपाल विभाग सेवा प्रमुख पर्वत सिंह ने सभी सेवा बस्तियों के नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर जांच कराने का आग्रह किया है।
श्री देशमुख ने बताया कि “स्वस्थ नागरिक ही स्वस्थ परिवार का आधार है, स्वस्थ परिवार से स्वस्थ समाज और स्वस्थ समाज से समर्थ राष्ट्र का निर्माण होता है। आयोजकों का मानना है कि यह स्वास्थ्य महाकुंभ न केवल जनस्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाएगा, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध होगा।
Read Also :- नई परिवहन नीति के विरोध में निजी बस ऑपरेटरों का हल्ला बोल 2 मार्च से बेमियादी हड़ताल का ऐलान
