भोपाल
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में पुलिस कमिश्नरेट भोपाल द्वारा महिला थाना परिसर में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस आयुक्त संजय कुमार ने महिला अपराधों की रोकथाम, अनुसंधान और गुमशुदा बालक-बालिकाओं की दस्तयाबी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली महिला अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया। आरक्षक से लेकर ऐसीपी स्तर तक का सम्मान समारोह में पुलिस विभाग की उन जांबाज महिलाओं को सम्मानित किया गया जिन्होंने कानून व्यवस्था और सुरक्षा के क्षेत्र में मिसाल पेश की है। इसमें आरक्षक से लेकर सहायक पुलिस आयुक्त स्तर तक की महिला अधिकारी शामिल रहीं। साथ ही, पुलिस के साथ कंधे से कंधा मिलाकर समाज सेवा करने वाली महिलाओं और विभिन्न निजी क्षेत्रों में सक्रिय महिलाओं की भी सराहना की गई। समाज को सशक्त महिलाओं की जरूरत: पुलिस आयुक्त इस अवसर पर पुलिस आयुक्त संजय कुमार ने सभी को शुभकामनाएं देते हुए कहा, “चाहे प्राइवेट एजेंसी हो या पुलिसिंग, जिन महिलाओं ने अपने क्षेत्र में बेहतर काम किया है, समाज को उनकी बेहद जरूरत है।
यह महिला अपराधों की रोकथाम और जागरूकता के लिए एक मजबूत तंत्र की तरह काम करता है, जो दूसरों को भी प्रेरित करता है।” विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति कार्यक्रम में विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हुए, जिनमें डीआईजी श्रीमती किरणलता केरकेट्टा, डीसीपी अखिल पटेल, डीसीपी श्रीमती सोनाक्षी सक्सेना, डीसीपी जितेंद्र पवार, एडिशनल डीसीपी श्रीमती मंजूलता खत्री, एडिशनल डीसीपी श्रीमती रश्मि अग्रवाल दुबे, एडिशनल डीसीपी श्रीमती नीतू ठाकुर, एसीपी अदिति भावसार और एसीपी बिट्टू शर्मा सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। एनजीाओ और अन्य क्षेत्रों की भागीदारी सम्मान समारोह में सामाजिक सरोकारों से जुड़े धृति, सर्जन, उदय, मुस्कान, और आरंभ जैसे प्रमुख एनजीओ की महिलाओं को उनकी सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त, पर्यटन क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं और अभियोजन अधिकारियों को भी प्रशस्ति पत्र दिए गए। कार्यक्रम में लगभग 200 से अधिक महिलाओं ने शिरकत की।
Read Also :- गोविन्दपुरा पुलिस की पहल: एडिशनल एसपी और टीआई ने नगर रक्षा समिति के सदस्यों को बांटे आईकार्ड
