सागर ,
सागर ज़िले की खुरई विधानसभा के बरोदिया नोनागिर में मृतक रामसेवक अहिरवार और अंजना अहिरवार की मौत मामले में अब राहुल गांधी की भी एंट्री हो गई है. मंगलवार को पीड़ित परिवार से मिलने के लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी पहुंचे. उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और हरसंभव मदद का आश्वासन दिया. इस दौरान पीसीसी चीफ पटवारी ने पीड़ित परिवार के सदस्यों से राहुल गांधी की फोन पर बात करवाई. राहुल गांधी ने फोन कॉल पर पीड़ित परिवार से बात करते हुए कहा, ”हम आपके साथ खड़े हैं, घबराइये मत. जो भी आपकी जरूरत होगी, हम आपकी मदद करेंगे.”
इससे पहले दलित युवती अंजना अहिरवार की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने भी सागर जिले के कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को हटाने की मांग की. कांग्रेस सांसद दिग्विजय सिंह बीते दिन अंजना अहिरवार के परिवार के सदस्यों से मिलने के लिए बरोदिया नैनागिर गांव पहुंचे थे. अंजना की रविवार को अपने चाचा का शव ले जा रही एम्बुलेंस से गिरने के बाद मौत हो गई थी.
