भोपाल। राजधानी के मंगलवारा थाना इलाके में सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती के बाद एक युवती को शादी का झांसा देकर लंबे समय तक दुष्कर्म करने का गंभीर मामला प्रकाश में आया है। पीड़िता की लिखित शिकायत पर तत्परता दिखाते हुए पुलिस ने नामजद आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म सहित अन्य संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर उसकी सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है। मंगलवारा थाना प्रभारी अजय सोनी ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि करीब एक साल पहले 22 वर्षीय पीड़िता की पहचान इंस्टाग्राम (Instagram) के माध्यम से आरोपी उजेफ राईन नामक युवक से हुई थी।
धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी, जो बाद में प्रेम प्रसंग में बदल गई। पीड़िता द्वारा लगाए गए आरोपों के अनुसार, प्रेम जाल में फंसाने के बाद आरोपी युवक ने उसे मिलने के बहाने शहर के एक होटल में बुलाया, जहां उसने युवती से जल्द शादी करने का झूठा वादा कर पहली बार उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद आरोपी पिछले एक साल के दौरान पीड़िता को भोपाल के अलग-अलग होटलों में बुलाकर लगातार उसका शारीरिक व मानसिक शोषण करता रहा।
पुलिस को दी गई शिकायत में बताया गया कि जब भी पीड़िता ने आरोपी पर शादी करने के लिए दबाव बनाया, तो वह लगातार बहाने बनाता रहा और अंततः उसने शादी करने से साफ इनकार कर दिया। युवक के इस धोखेबाज रवैये से तंग आकर पीड़िता ने अपने परिजनों को आपबीती सुनाई और थाने पहुंचकर मामला दर्ज कराया। थाना प्रभारी का कहना है कि मामले से जुड़े सभी कानूनी और तकनीकी तथ्यों की बारीकी से जांच की जा रही है और फरार आरोपी की त्वरित गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें प्रयास कर रही हैं ।
