भोपाल। राजधानी में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली और बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। बैरसिया विकासखंड में निरीक्षण के दौरान 108 एम्बुलेंस में इमरजेंसी दवाओं की भारी कमी और अत्यधिक गंदगी मिलने पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. मनीष शर्मा ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने एम्बुलेंस का संचालन करने वाली निजी एजेंसी को तत्काल कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। सीएमएचओ ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि मरीजों की जान के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और सभी एम्बुलेंस का नियमित ऑडिट कराया जाएगा।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को सीएमएचओ डॉ. मनीष शर्मा बैरसिया क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं और ग्राम स्वास्थ्य पोषण दिवस का जायजा लेने निकले थे। इसी दौरान मार्ग में खड़ी एक 108 एम्बुलेंस संदिग्ध स्थिति में दिखाई देने पर उन्होंने अचानक वाहन की सघन जांच शुरू कर दी। जांच में सामने आया कि एम्बुलेंस में गंभीर मरीजों के लिए जरूरी जीवनरक्षक दवाएं पर्याप्त मात्रा में नहीं थीं और फर्स्ट एड किट भी अधूरी पड़ी थी।
इसके अलावा वाहन के भीतर पसरी गंदगी के कारण मरीजों में संक्रमण फैलने का बड़ा खतरा बना हुआ था। डॉ. शर्मा ने एम्बुलेंस में मौजूद स्ट्रेचर, ऑक्सीजन सिलेंडर, डिलीवरी किट, फायर एक्सटिंग्विशर और जीपीएस डिवाइस की भी जांच की, जिनमें कई कमियां पाई गईं। हालांकि, इसी रूट पर संचालित एक अन्य 108 एम्बुलेंस की जांच करने पर वहां सभी व्यवस्थाएं मानकों के अनुरूप और संतोषजनक मिलीं।
