भोपाल। द्वादश (12वें) अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर एच.ई. योग मित्र मंडल, पिपलानी (भेल) द्वारा आगामी 21 जून 2026 को एक विशेष योग कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। पिपलानी में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम का समय प्रातः 6:00 बजे से 7:30 बजे तक निर्धारित किया गया है, जिसमें मंडल के सभी योग साधकों, पदाधिकारियों एवं उनके परिवारजनों को आमंत्रित किया गया है।
इस गरिमामय कार्यक्रम में ‘यौगिक जीवनशैली’ विषय पर स्वामी आनंदधर्मा जी का प्रेरणादायी उद्बोधन मुख्य आकर्षण होगा। इसके साथ ही, बिहार योग विद्यालय, मुंगेर द्वारा वर्ष 2026 के लिए जारी विशेष संदेश “दयालुता और संतोष के विकास” का वाचन मंडल के महासचिव सतेन्द्र कुमार द्वारा किया जाएगा। इस संदेश का उद्देश्य समाज में दया, करुणा और संतोष जैसे मानवीय मूल्यों का प्रसार करना है।
कार्यक्रम के दौरान योग सत्र का संचालन सुप्रसिद्ध योगाचार्य त्याग सागर जी के मार्गदर्शन में होगा, जो उपस्थित साधकों को विभिन्न विशेष आसन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराएंगे। मंडल के महासचिव सतेन्द्र कुमार ने सभी पंजीकृत साधकों और स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि वे योग के माध्यम से स्वस्थ, संतुलित एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के इस संकल्प में शामिल हों और निर्धारित समय से कम से कम 10 मिनट पूर्व पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाएं।
