भोपाल। राजधानी में लगातार लोगों द्वारा आत्महत्या की जाने के मामले सामने आते जा रहे हैं। शहर के करोंद इलाके में रहने वाली एक विवाहिता ने गृह क्लेश के चलते आत्महत्या कर ली तो वही अशोका गार्डन इलाके में रहने वाले एक ऑटो ड्राइवर ने भी फांसी लगाकर जान दे दी। विवाहिता द्वारा सुसाइड करने का मामला करोंद इलाके के रतन कॉलोनी में सामने आया है। यहां रहने वाले कमल विश्वकर्मा की 28 वर्षीय पत्नी लक्ष्मी ने गुरुवार की दोपहर 1 बजे अपने घर में फांसी का फंदा तैयार किया और उस पर लटक कर जान दे दी।
इस दौरान पति कमल घर के पास अपनी किराने की दुकान में गया हुआ था, जब दोपहर 2:30 बजे के करीब वह खाना खाने के लिए घर आया तो पत्नी कमरे में दुपट्टे के सहारे फंदे से लटकी मिली। कमल ने इस घटना की जानकारी पड़ोसियों को दी और लक्ष्मी को फांसी के फंदे से नीचे उतारा और समीप के अस्पताल लेकर गए जहां चिकित्सकों ने लक्ष्मी को हमीदिया अस्पताल ले जाने को कहा हमीदिया अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टर ने लक्ष्मी को मृत घोषित कर दिया। पुलिस को लक्ष्मी के कमरे से किसी भी प्रकार का सुसाइड नोट नहीं प्राप्त हुआ है पुलिस लक्ष्मी की परिजनों के बयान देने का इंतजार कर रही है। उसी के बाद इस मामले में जांच आगे बढ़ाई जाएगी।
उधर अशोका गार्डन इलाके में रहने वाले एक ऑटो चालक 50 साल के गुलाब सिंह वर्मा निवासी गौतम नगर ने भी अपने कमरे में फांसी का फंदा तैयार किया और उस पर लटक गया। परिजन उसे अस्पताल लेकर गए जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दोनों ही मामलों में मर्ग कायम कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
