भोपाल
भोपाल नगर निगम में झील संरक्षण प्रकोष्ठ में एक दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी के बिना काम के सैलरी लेने के मामले में जांच के आदेश दिए गए हैं। अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी ने निगम कमिश्नर को जांच करने को कहा है। यदि मामला सही पाया जाता है तो कर्मचारी पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
झील संरक्षण प्रकोष्ठ में दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी इसरार अली के मामले में यह जांच शुरू की गई है। शिकायत मिली है कि इसरार बिना काम के सैलरी पा रहा है। उसके सऊदी अरब में मौजूदगी के फोटो भी गुरुवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुए हैं। बताया जाता है कि अधिकारियों की मिलीभगत से वेतन निकल रहा है। यह मामला अध्यक्ष सूर्यवंशी के संज्ञान में भी आया है। अध्यक्ष सूर्यवंशी ने बताया कि कमिश्नर को जांच के आदेश दे दिए गए हैं। मामला सही पाया जाता है तो कर्मचारी पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
