राहत के लिए 5 किलो कनेक्शन देने की तैयारी
भोपाल। मप्र में नए एलपीजी गैस कनेक्शन के लिए पोर्टल बंद होने से उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ गई है। खासकर भोपाल और इंदौर में 14 किलो के घरेलू गैस सिलेंडर के नए कनेक्शन नहीं मिल पा रहे हैं। स्थिति को देखते हुए खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग ने फिलहाल 5 किलो के गैस कनेक्शन देने का निर्णय लिया है, जिन्हें बाद में 14 किलो के कनेक्शन में परिवर्तित किया जाएगा।
इस संबंध में शनिवार को अपर मुख्य सचिव (खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति) रश्मि शमी ने ऑयल कंपनियों और अधिकारियों के साथ बैठक कर स्थिति की समीक्षा की। बैठक में बताया गया कि पोर्टल बंद होने के कारण नए कनेक्शन और e-KYC से जुड़ी सभी प्रक्रियाएं फिलहाल स्थगित हैं, जिससे कई शहरों में उपभोक्ताओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
बैठक में यह भी तय किया गया कि जिन उपभोक्ताओं को 14 किलो का कनेक्शन नहीं मिल पा रहा है, उन्हें अस्थायी रूप से 5 किलो का कनेक्शन दिया जाएगा। पोर्टल शुरू होने के बाद इन कनेक्शनों को 14 किलो में परिवर्तित कर दिया जाएगा। इसे लेकर जल्द ही आदेश जारी किए जा सकते हैं। उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए ऑयल कंपनियां अब गैस बुकिंग की जानकारी मोबाइल पर एसएमएस के जरिए भेजेंगी। इसमें बुकिंग कन्फर्म होने और सिलेंडर की डिलीवरी कब होगी, इसकी जानकारी दी जाएगी। साथ ही उपभोक्ताओं से गैस एजेंसी पर न आने का अनुरोध किया जाएगा, क्योंकि सिलेंडर सीधे उनके घर पहुंचाया जाएगा। प्रदेश में इंडेन कंपनी के उपभोक्ताओं को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इंडेन में डीएसी नंबर जनरेट नहीं होने के कारण सिलेंडर की गाड़ियां डिपो से नहीं निकल पा रही हैं, जिससे सप्लाई प्रभावित हुई है। वहीं मार्च क्लोजिंग के चलते एजेंसियों से पुराने स्टॉक का हिसाब मांगे जाने से भी वितरण प्रभावित हुआ है। इधर, भोपाल के लालघाटी स्थित प्रियंका गैस एजेंसी पर सिलेंडर को लेकर हंगामे की स्थिति बन गई। कई उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि उन्होंने 4-5 दिन पहले गैस बुक कराई थी, लेकिन एजेंसी ने सिलेंडर पहले ही डिलीवर होने की बात कही, जबकि उनके घर तक सिलेंडर नहीं पहुंचा था। मामले में खाद्य विभाग के कंट्रोलर चंद्रभान सिंह जादौन ने टीम भेजकर जांच कराने की बात कही है।
