भोपाल। राजधानी के कटारा हिल्स क्षेत्र में 31 वर्षीय ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने आखिरकार उनकी सास, रिटायर्ड जिला जज गिरीबाला सिंह और पति समर्थ सिंह (वकील) के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। एसीपी रजनीश कश्यप कौल के अनुसार, मां-बेटे के खिलाफ हत्या और दहेज के लिए प्रताड़ित करने सहित अन्य गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। मूल रूप से नोएडा की रहने वाली ट्विशा की शादी 12 दिसंबर 2025 को समर्थ सिंह से हुई थी। 12 मई की रात ट्विशा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। मृतका के भाई, जो भारतीय सेना में मेजर हैं, और अन्य परिजनों ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि ट्विशा के शरीर, विशेषकर हाथ और कान पर चोट के नीले निशान मिले हैं, जो हत्या की ओर इशारा करते हैं।
कार्रवाई की मांग को लेकर ट्विशा के परिजन बुधवार रात से ही कटारा हिल्स थाने के बाहर डटे रहे। परिजनों का आरोप था कि आरोपियों के रसूख के कारण पुलिस ने शुरू में उनकी बात नहीं सुनी और थाने का गेट तक बंद कर दिया था। गुरुवार को भी परिजनों ने तख्तियां लेकर महिला थाने के बाहर प्रदर्शन किया। परिजनों ने संकल्प लिया था कि जब तक एफआईआर दर्ज नहीं होगी, वे बेटी का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे।
अब मामला दर्ज होने के बाद आज अंतिम विदाई दी जा सकती है। इस मामले में एक और दुखद पहलू यह है कि ट्विशा गर्भवती थी। मायके पक्ष का कहना है कि उसे मानसिक और शारीरिक रूप से दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। वहीं, पति समर्थ पर हत्या के बाद सबूत मिटाने के आरोप भी लगाए गए हैं। पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ा रही है।
