भोपाल। राजधानी के करोंद स्थित रतनपुर कॉलोनी में रहने वाले 24 वर्षीय युवक लखन किरार ने मानसिक तनाव के चलते एसिड पी लिया, जिसकी शनिवार को इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई। निशातपुरा थाना पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, लखन चौक बाजार स्थित एक गारमेंट्स दुकान में सेल्समैन था और आगामी 10 मई को उसकी शादी होने वाली थी। घर में शादी की तैयारियां पूरी हो चुकी थीं और रिश्तेदारों को कार्ड भी बांटे जा चुके थे, लेकिन एन वक्त पर उसका रिश्ता टूट गया।
मृतक के जीजा आकाश सूर्यवंशी का आरोप है कि पहली शादी टूटने के बाद लखन का अपनी पूर्व मंगेतर से दोबारा संपर्क हुआ था। इस बीच लखन का एक निजी फोटो लड़की पक्ष तक पहुंच गया, जिसके कारण उसकी वह शादी भी टूट गई। परिजनों का दावा है कि पहली शादी तुड़वाने के लिए वह फोटो पूर्व मंगेतर ने ही भेजा था। इस घटनाक्रम के बाद लखन अपनी पूर्व मंगेतर के साथ कुछ दिन विदिशा में रहा और फिर दोनों भोपाल लौट आए। बाद में युवती ने साथ रहने और शादी करने से साफ इनकार कर दिया, जिससे लखन गहरे अवसाद में चला गया। इसी प्रताड़ना से तंग आकर उसने 18 जून की रात एसिड पी लिया था। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस परिजनों और युवती के बयानों के आधार पर जांच को आगे बढ़ा रही है।
