भोपाल। राजधानी में नशे के सौदागरों के खिलाफ पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। टीटी नगर और बागसेवनिया थाना पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाइयों में तीन तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में गांजा और नकदी जब्त की गई है।
स्टेडियम के पास ग्राहक का इंतजार कर रहे थे आरोपी टीटी नगर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि लाड़ली लक्ष्मी पार्क के पीछे, स्टेडियम के पास दो संदिग्ध युवक मादक पदार्थ की तस्करी के लिए खड़े हैं। टीआई गौरव सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शुक्रवार रात घेराबंदी कर अर्जुन नगर निवासी मिथुन चौहान (33) और गोलू चौहान (30) को दबोच लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से तीन पैकेटों में भरा 1 किलो 350 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी बाजार में कीमत 50 हजार रुपये से अधिक बताई जा रही है। आरोपियों के पास से एक हजार रुपये नकद भी मिले हैं। बागसेवनिया में पुराना तस्कर अमित शर्मा दबोचा गया इधर, बागसेवनिया पुलिस ने भी बीती रात आरआरएल पार्क के पास से एक तस्कर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
आरोपी की पहचान अमित शर्मा के रूप में हुई है, जिसके पास से 250 ग्राम गांजा जब्त किया गया। पुलिस के मुताबिक, अमित एक आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज पकड़े गए तीनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब इन तस्करों से यह पूछताछ कर रही है कि वे यह खेप कहां से लाए थे और शहर में किन-किन लोगों को नशीले पदार्थों की सप्लाई करने वाले थे। अधिकारियों का कहना है कि नशे के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
