15.4 C
London
Tuesday, May 5, 2026
Homeराज्यमूसलाधार बारिश से अयोध्या हुई बेहाल, फिर धंसा रामपथ, सड़कें तबाह,...

मूसलाधार बारिश से अयोध्या हुई बेहाल, फिर धंसा रामपथ, सड़कें तबाह, घरों और कार्यालयों में कई फीट तक भरा पानी

Published on

अयोध्या:

उत्तर प्रदेश के अयोध्या में बुधवार को भोर बिजली की कड़कडाहट के साथ हुई मूसलाधार बारिश से जहां एक बार फिर रामपथ पर सीवर के लिए खोदे गए गड्ढे पर सड़क धंस गई, तो वहीं राम मंदिर में वाटर प्रूफिंग करने के कारण पानी नहीं टपका। मंदिर के पुजारी संतोष कुमार तिवारी ने बताया कि मूसलादार बारिश के बावजूद राम मंदिर में पानी छत से नीचे नहीं पहुंच सका। राम पथ पर गड्ढे के धंसने से रास्‍ते में आवागमन जाम हो गया। जेसीबी से राम पथ की एक लेन को रोक कर मरम्‍मत का काम शुरू किया गया। नगर में सीवर लाइन का घरों की नालियों से कनेक्‍ट न होने के कारण कई मोहल्‍लों में घरों में पानी घुसा, तो पूरा घर तीन फीट पानी से डूब गया। गड्ढे के कारण रामपथ पर, विद्या मंदिर स्कूल से जिला अस्पताल तक बैरियर लगाकर एक तरफ का रोड बंद कर दी गई।

रिपेरिंग के बाद फिर से रामपथ रोड पर सीवर के गड्ढे खोदे गए थे। पूरी तरह से मरम्‍मत न करवाने के कारण सड़के जगह-जगह धंस गईं। महाजनी टोला के रिटायर्ड शिक्षक जय प्रकाश श्रीवास्‍तव ने बताया कि भोर 4 बजे के बाद से आकाशीय बिजली की गर्जना से वे जाग गए, तो देखा कि जिस कमरे में वे सो रहे थे, वहां बारिश से उफनाए बगल के गंदे नाले का पानी भर गया है। वे अकेले ही घर में रहते हैं। उन्होंने बताया कि 5 बजे सुबह तक पूरा घर पानी से तीन फीट से ज्‍यादा ऊंचाई तक डूब चुका था। भारी मशक्‍कत के बाद भी कई घंटों तक पानी बाहर करने में लगे रहे। कई फर्नीचरों और सामानों को नुकसान पहुंचा है।

दुकानों में घुसा पानी
रामपथ के दोनों तरफ के दुकानदारों ने बताया कि सड़क ऊंची कर देने के बाद सीवर लाइन को घरों की नालियों से नहीं जोडा गया, जिससे पानी दुकानों में घुस गया। इससे लाखों के सामान खराब हो गए हैं।

सरकारी दफ्तरों में भरा पानी, काम प्रभावित
बुधवार को तेज बारिश से बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय के अंदर पेड़ गिरा, तो वहीं जल निकासी की व्‍यवस्‍था न होने के कारण बेसिक शिक्षा निदेशक कार्यालय, पीडब्ल्यूडी कार्यालय, जिला पशु चिकित्सालय सहित कई कार्यालयों में पानी भर गया। पुलिस लाइन गेट से फव्वारा चौराहे तक रोड पर लबालब पानी भर गया। जलवानपुरा में बारिश के पानी से दर्जनों घरों में कई फीट पानी भर गया। साहबगंज के मयंक श्रीवास्‍तव ने बताया कि रात को आकाशीय बिजली की कड़क इतनी तेज थी कि लोग भोर में बिस्‍तर छोड़ कर बाहर आ गए। कई घरों के बेड, सोफा, फ्रिज और किचन तक पानी में डूबे, तो दर्जनों परिवार में लाखों की संपत्ति का नुकसान हो गया। राम जन्मभूमि से चंद कदम दूर जलवानपुरा में आए दिन जलभराव की समस्या रहती है। पीड़ितों का कहना है कि अधिकारियों की उदासीनता से दर्जनों परिवारों का जनजीवन बरसात में अस्‍त-व्‍यस्‍त हो जाता है।

आकाशीय बिजली की चपेट मे आकर 4 जानवरों की मौत
माझा जमथरा इलाके में आकाशीय बिजली गिरने से चार भैंसों की मौत की खबर है। माझा जमथरा निवासी किसान कृष्ण यादव के मुताबिक, उनकी चारों भैसें रात से हो रही बारिश के साथ आकाशीय बिजली की चपेट में आ गई थीं। भारी बारिश में नगर का अमानीगंज विद्युत उपकेंद्र जल मग्न हो गया। शहर के अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भी जलभराव से सरकारी कामकाज प्रभावित रहा।

बारिश से जलभराव से निपटने की तैयारी
कमिश्‍नर गौरव दयाल की अध्यक्षता में मानसून पूर्व हुई अतिवृष्टि के कारण शहर में जलभराव आदि की शिकायतों के संबंध में एक आवश्यक बैठक आयोजित की गई, जिसमें मेयर महंत गिरीशपति त्रिपाठी, जिलाधिकारी नितीश कुमार, नगर आयुक्त संतोष कुमार शर्मा सहित अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

कमिश्‍नर ने बारिश के बाद शहरी क्षेत्रों में जलभराव सहित आ रही अन्य दिक्कतों का निस्तारण पीडब्लूडी के संबंधित अधिशाषी अभियन्ताओं को नगर निगम और जल निगम की संयुक्त टीम द्वारा तत्काल करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माणाधीन अयोध्या बसखारी मार्ग के शहरी क्षेत्र में बने निर्माणाधीन ड्रेन/डक्ट को तत्काल संचालित किया जाए, जिससे कि सड़क के पास स्थित शहरी क्षेत्रों में मानसून के दौरान जलभराव की समस्या न होने पाए। इसके अलावा उन्होंने जल निगम शहरी के अधिशाषी अभियन्ता को निर्देश दिया कि शहर के जिन-जिन क्षेत्रों में सीवर लाइन का कार्य हाल ही में किया गया है, उन सभी सीवर लाइन के कॉमपैटिंग के कार्य एक का एक बार पुनः परीक्षण कराया जाए।

अयोध्या के राम मंदिर में पानी टपकने का मामला
अयोध्या के राम मंदिर में पानी टपकने का मामला भी गरमाया हुआ था। मुख्य पुजारी सत्येंद्र दास ने दावा करते हुए कहा था कि राम मंदिर की छत टपक रही है। इसके बाद नृपेंद्र मिश्र ने मामले पर बड़ा बयान दिया। नृपेंद्र मिश्रा ने कहा कि मंदिर बनाने में कही भी किसी तरह की तकनीकी खामी नहीं है। उन्होंने कहा कि इस मंदिर का निर्माण देश की जानी मानी इंजिनियरिंग टीम की देखरेख में उच्च मानकों पर हो रहा है। उन्होंने बताया कि मंदिर के गूढ़ मंडप के ऊपर दूसरे तल को बनाने का काम चल रहा है। इसका शिखर खुला हुआ है। इस जगह से ही नीचे पानी आने की आशंका है।

वहीं, राम मंदिर की छत टपकने के मामले में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के आधिकारिक एक्स हैंडल से किए गए ट्वीट में कहा गया कि मंदिर व परकोटा परिसर में बरसात के पानी की निकासी का उत्तम प्रबंध किया गया है, जिसका कार्य प्रगति पर है। पूरे परिसर को बरसात के पानी के लिए बाहर शून्य वाटर डिस्चार्ज के लिए प्रबंधन किया गया है। परिसर मे बरसात के पानी को अंदर रखने के लिये रिचार्ज पिट्स का निर्माण किया जा रहा है।

 

Latest articles

BHEL Results 2026: शुद्ध लाभ में 155% उछाल, शेयर में 10% से ज्यादा तेजी

नई दिल्ली। देश की प्रमुख सार्वजनिक क्षेत्र की इंजीनियरिंग कंपनी Bharat Heavy Electricals Limited...

आवागमन होगा सुलभ : राज्य मंत्री गौर

8 करोड़ की सीसी रोड का किया भूमिपूजन भोपाल। पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री...

15 साल बाद सत्ता से ममता की विदाई, बंगाल में बीजेपी की विजय, सीटें 190 पार

कूच बिहार में झड़प-लाठीचार्ज, जमुरिया में आगजनी, ममता के घर के बाहर जय श्रीराम...

नये मध्यप्रदेश का मार्वलस माइलस्टोन साबित होगा इन्दौर-पीथमपुर इकोनॉमिक कॉरिडोर: मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 2360 करोड़ की लागत के इंदौर-पीथमपुर इकोनॉमिक कॉरिडोर के पहले...

More like this

सीसी रोड की खराब गुणवत्ता पर सख्त हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, दोषियों पर कार्रवाई के निर्देश

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बेमेतरा जिले के नगर पंचायत दाढ़ी...

15 जून तक पूरे हों मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा जल स्वावलंबन अभियान के कार्य, पौधारोपण की तैयारी के निर्देश

जयपुर। मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान 2.0 एवं जल संचय जन भागीदारी 2.0 की समीक्षा...

अहमदाबाद में ग्राम-2026 इन्वेस्टर मीट आयोजित, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने निवेशकों को दिया राजस्थान में निवेश का आमंत्रण

अहमदाबाद। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अहमदाबाद में आयोजित ग्राम-2026 इन्वेस्टर मीट में...