वाराणसी,
घने कोहरे और लो विजिबिलिटी के कारण वाराणसी एयरपोर्ट पर सोमवार को कई उड़ानें रद्द या डायवर्ट की गई हैं. इसके बाद एयरपोर्ट पर भारी अफरा-तफरी मच गई. फ्लाइट के कैंसिल होने से कई लोग एयरपोर्ट पर ही जमा हो गए हैं.
दरअसल यह सब खराब मौसम की वजह से हुआ है. कई एयरलाइन कंपनियों ने वाराणसी से आने या जाने वाली उड़ानों को कहीं और डायवर्ट कर दिया है तो कुछ ने फ्लाइट को कैंसिल ही कर दिया है. विस्तारा ने ट्वीट किया कि वाराणसी हवाईअड्डे पर खराब दृश्यता के कारण मुंबई-वाराणसी की एक उड़ान को रायपुर जबकि दिल्ली-वाराणसी की एक उड़ान को दिल्ली के लिए डायवर्ट कर दिया गया.
लैंड होने की नहीं मिल रही इजाजत
बता दें कि शाम को वाराणसी बाबतपुर एयरपोर्ट पर घने कोहरे की वजह से सिर्फ शारजहां की फ्लाइट की लैंडिंग हो सकी है. विजिबिलिटी कम होने से कई विमानों को एयर ट्रैफिक कंट्रोल द्वारा वाराणसी एयरपोर्ट पर लैंडिंग की अनुमति नहीं मिल रही है. भयानक कोहरे की वजह से पूरे दिन बाबतपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कोई डोमेस्टिक फ्लाइट नहीं उतरी है.
12 फ्लाइट डायवर्ट, 11 कैंसिल
वाराणसी की ओर आने वाले 12 विमानों को देश के 12 हवाईअड्डों पर डायवर्ट किया गया है. वाराणसी एयरपोर्ट से 11 फ्लाइट कैंसिल हुई हैं. इस असुविधा की वजह से वाराणसी एयरपोर्ट पर पूरे दिन यात्री परेशान नजर आए.
सोमवार सुबह से एयरपोर्ट पर नहीं उतरी कोई फ्लाइट
अचानक फ्लाइट को डायवर्ट करने की वजह से लोगों को काफी तकलीफों का सामना करना पड़ा. एक सोशल मीडिया यूजर ने इस मुद्दे को ट्विटर पर लिखा. यूजर ने लिखा कि उनकी पत्नी और 1 महीने का बच्चा वाराणसी एयरपोर्ट पर फंसे हुए हैं.
वाराणसी एयरपोर्ट पर फंसे लोग तो ट्विटर पर मांगी मदद
सोशल मीडिया यूजर ने लिखा, ‘कृपया मेरी पत्नी और 1 महीने के बच्चे की मदद करें, वह वाराणसी हवाई अड्डे पर फंसे हुए हैं. उम्मीद है कि वह आज मुंबई पहुंच जाएंगे, मेरे बच्चे को मुंबई में जल्द से जल्द डॉक्टर से परामर्श की जरूरत है.’
