आगरा
यूपी के आगरा की पॉश कॉलोनी में बाइकर्स गैंग ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया है। गैंग के एक बदमाश ने घर में घुसकर महिला के गले से सोने की चेन लूट ली। हालांकि महिला ने बदमाश का मुकाबला किया, लेकिन बदमाश महिला की चेन लूटने में कामयाब हो गए। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। लॉयर्स कॉलोनी के हेमा एन्क्लेव में अनिल कुमार परिवार के साथ रहते हैं, उनकी सेंट जोंस कॉलेज पर ब्रजवासी स्वीटस के नाम से दुकान है।
रविवार को अनिल कुमार जयपुर गए थे, उनके घर पर पत्नी रीता और अन्य परिजन थे। सुबह करीब नौ बजे रीता कोठी के आंगन में लगे गमलों में पानी डाल रही थी और गेट खुला हुआ था। इसी बीच बाइक सवार बदमाश घर में घुसा और रीता से पता पूछने लगा। बदमाश रीता के पास आने लगा तो रीता ने उसे पीछे जाने को कहा। तभी रीता को शक हुआ तो अपने हाथ में वाइपर उठा लिया। जैसे बदमाश और नजदीक आया रीता उस पर टूट पड़ी। रीता ने बदमाश से जमकर लोहा लिया, लेकिन बदमाश रीता की चेन लूटने में सफल हो गया और बाइक लेकर फरार हो गए। घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है। फुटेज की मदद से बदमाशों की तलाश की जा रही है।
यूपी के आगरा की पॉश कॉलोनी में बाइकर्स गैंग ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया है। गैंग के एक बदमाश ने घर में घुसकर महिला के गले से सोने की चेन लूट ली @NavbharatTimes pic.twitter.com/OtOVskIjVQ
— NBT Uttar Pradesh (@UPNBT) December 5, 2022
सीसीटीवी में कैद हुई घटना
लॉयर्स कॉलोनी आगरा की पॉश कॉलोनियों में शामिल है। कॉलोनी में जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। व्यापारी की कोठी में भी सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। बाइक सवार बदमाश काफी देर से कॉलोनी के अंदर ही घूम रहे थे। जब रीता गेट खोल कर बाहर निकली थीं, तब बदमाश आ गए। बदमाशों ने पूरी तैयारी कर रखी थी, इसलिए उन्होंने लूट और भागने में जरा भी देरी नहीं की। घटना के बाद व्यापारी की पत्नी दहशत में है।
