नई दिल्ली,
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने गुरुवार को दिल्ली मेट्रो में सफर किया. इस दौरान उन्होंने लोगों से उनका हाल-चाल लिया. सफर के दौरान कांग्रेस नेता बच्चों के साथ भी मस्ती करते दिखे. मेट्रो में राहुल गांधी को देखकर उनके आस-पास कई यात्री इकट्ठा हो गए और उन्होंने कांग्रेस नेता के साथ सेल्फी भी ली. राहुल गांधी रायबरेली और वायनाड से सांसद प्रत्याशी हैं और गुरुवार को उन्होंने दिल्ली के दिलशाद गार्डन में जनसभा की. इस दौरान उन्होंने बीजेपी पर संविधान बदलने की कोशिश के आरोप लगाए.
दिलशाद गार्डन की जनसभा में राहुल गांधी ने कहा कि, ‘भाजपा संविधान को फाड़कर फेंक देना चाहती है, और इस बात पर जोर दिया कि इस बार का लोकसभा चुनाव संविधान बचाने की लड़ाई है. पार्टी उम्मीदवार कन्हैया कुमार के समर्थन में पूर्वोत्तर दिल्ली के दिलशाद गार्डन में एक चुनावी सभा में उन्होंने दावा किया कि भाजपा हमेशा संविधान बदलना चाहती है.
संविधान बदलना चाहती है बीजेपी, राहुल गांधी का आरोप
राहुल गांधी ने आरोप लगाया, ‘भाजपा हमेशा संविधान को फाड़कर फेंक देना चाहती है. उन्होंने न तो भारतीय संविधान और न ही भारतीय ध्वज को कभी स्वीकार किया. इस चुनाव में आखिरकार उन्होंने स्वीकार कर ही लिया है कि वे इसे बदलना चाहते हैं.’ कांग्रेस नेता ने कहा, ‘इस चुनाव में लड़ाई भारतीय संविधान की रक्षा के लिए है. यह महज एक किताब नहीं है, हमारा संविधान गांधी, अंबेडकर और नेहरू जी की हजारों साल की वैचारिक विरासत को समेटे हुए है.’
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि ‘अगर भाजपा ने संविधान बदलने की कोशिश की तो उसे विपक्ष और देश के करोड़ों लोगों का सामना करना पड़ेगा.’ राहुल गांधी ने कहा, ‘मैं भाजपा को बताना चाहता हूं कि आपमें संविधान बदलने की हिम्मत नहीं है. अगर आप ऐसा करने का प्रयास करेंगे तो आपको हमारा और भारत की जनता का सामना करना होगा.’
दिल्ली में 25 मई को मतदान
चुनाव आयोग ने बुधवार को कांग्रेस से यह सुनिश्चित करने को कहा था कि उसके स्टार प्रचारक और उम्मीदवार ऐसे बयान न दें, जिससे यह गलत धारणा बने कि संविधान को खत्म किया जा सकता है या बेचा जा सकता है. गुरुवार को शहर में चुनाव प्रचार का आखिरी दिन है. दिल्ली में 25 मई को मतदान होगा और नतीजे 4 जून को घोषित किए जाएंगे.
राहुल गांधी ने किया दिल्ली मेट्रो में सफर
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने गुरुवार को दिल्ली मेट्रो में सफर किया. असल में गुरुवार के प्रचार का अंतिम दिन है, ऐसे में राहुल गांधी ने यहां चुनाव प्रचार में सारी ताकत झोंक दी है. काग्रेस नेता ने X पर पोस्ट लिखकर मेट्रो में ट्रेवल की जानकारी दी. उन्होंने लिखा, ‘मेट्रो यात्रा, दिल्ली के दिलवालों के साथ. साथी यात्रियों से मिल कर उनका हाल चाल पूछा – मुझे खुशी होती है यह देख कर कि दिल्ली में मेट्रो बनाने की हमारी पहल जनमानस के यातायात के लिए इतनी सुविधाजनक साबित हुई है.
