जयपुर
देश के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का शनिवार को नई दिल्ली के निगमबोध घाट पर राष्ट्रीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। उनकी देह पंचतत्व में विलीन हो गई। वहीं, उनके स्मारक और प्रतिमा निर्माण को लेकर राजनीतिक विवाद गहराता जा रहा है। इस पर राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए सवाल उठाए हैं।
मनमोहन सिंह के लिए स्मारक क्यों नहीं?, गहलोत का सवाल
अशोक गहलोत ने केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि जब भाजपा नेता और उपराष्ट्रपति रहे भैरों सिंह शेखावत का अंतिम संस्कार हुआ तो उनके सम्मान में स्मारक का निर्माण कराया, तो मनमोहन सिंह जैसे महान नेता के लिए ऐसा क्यों नहीं किया जा रहा है? उन्होंने कहा, ‘मनमोहन सिंह का व्यक्तित्व और योगदान ऐसा था, जिसे शब्दों में बयान नहीं किया जा सकता। वे दुनिया के लिए प्रेरणा थे।’ गहलोत ने बराक ओबामा का जिक्र करते हुए कहा, ‘जब मनमोहन सिंह बोलते थे, तो पूरी दुनिया सुनती थी।’
स्मारक निर्माण को लेकर कांग्रेस का आरोप
मनमोहन सिंह के स्मारक निर्माण को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर उपेक्षा का आरोप लगाया है। अशोक गहलोत ने कहा कि देश के 10 साल तक प्रधानमंत्री रहे मनमोहन सिंह के लिए स्मारक बनाने के लिए कांग्रेस को पत्र लिखना पड़ा। उन्होंने कहा कि भाजपा ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के लिए स्मारक और अन्य सम्मान दिए, लेकिन मनमोहन सिंह के मामले में कोई पहल नहीं की गई।
‘भाजपा विवाद खड़ा करना चाहती है’
गहलोत ने भाजपा पर सियासत करने का आरोप लगाते हुए कहा कि, ‘भाजपा इस मुद्दे पर विवाद खड़ा करना चाहती है।’ उन्होंने बताया कि जब भैरों सिंह शेखावत का अंतिम संस्कार किया गया था, तब भाजपा ने ऐसी कोई मांग नहीं उठाई थी, लेकिन उनकी सरकार ने शेखावत का सम्मान सुनिश्चित किया। उन्होंने इसे उनकी सरकार का नैतिक कर्तव्य बताया।
