रावलपिंडी
पाकिस्तान में रविवार को दर्दनाक रेल हादसा हुआ. रावलपिंडी जा रही हजारा एक्सप्रेस की 10 बोगियां पटरी से उतर जाने से पलट गईं, जिससे कम से कम 22 लोगों की मौत हो गई और 80 घायल हो गए. जियो टीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, यह दुर्घटना रविवार को शहजादपुर और नवाबशाह के बीच स्थित सहारा रेलवे स्टेशन के पास हुई.
जिस वक्त यह हादसा हुआ उस वक्त ट्रेन कराची से पाकिस्तान के पंजाब जा रही थी. रिपोर्ट के मुताबिक, घायलों को नवाबशाह के पीपुल्स मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है. ट्रेन के पटरी से उतरने का सही कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है. दुर्घटना के बाद आसपास के अस्पतालों में आपातकालीन प्रोटोकॉल लागू कर दिया गया है.
न्यूज एजेंसी के मुताबिक पाकिस्तान रेलवे के उपाधीक्षक महमूद रहमान ने पुष्टि की कि क्षतिग्रस्त बोगियों से कम से कम 22 शव बरामद किए गए हैं, जबकि लगभग 80 घायल लोगों को अस्पतालों में ले जाया जा रहा है. फिलहाल, ध्यान बचाव कार्य और पटरी से उतरे डिब्बों से लोगों को निकालने पर है. दुर्घटना के कारण की जांच की जा रही है.
अस्पताल में इमरजेंसी प्रोटोकॉल
अधिकारियों के मुताबिक, ट्रेन के पटरी से उतरने का सही कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है। जियो टीवी की रिपोर्ट के मुताबिक दुर्घटना के बाद आसपास के अस्पतालों में आपातकालीन प्रोटोकॉल लागू कर दिया गया है। लाहौर में मीडिया से बात करते हुए रेल मंत्री ख्वाजा साद रफीक ने बताया कि अधिकारियों को घटना के बारे में सतर्क कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि जो रिपोर्ट्स आ रही हैं उनसे पता लगता है कि 15 लोगों की मौत हो गई और कई घायल हो गए।
रफीक ने कहा कि ट्रेन सही स्पीड से यात्रा कर रही थी और प्रारंभिक जांच से भी इसकी पुष्टि होती है। शहीद बेंजीराबाद के पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) मुहम्मद यूनिस चांडियो ने इस घटना को ‘बड़ी दुर्घटना’ करार दिया। हालांकि, अधिकारी ने हताहतों की संख्या की पुष्टि करने से परहेज किया। उन्होंने कहा कि अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं और सुक्कुर और नवाबशाह के अस्पतालों में आपात स्थिति लागू कर दी गई है।
अधिकारी को नहीं मालूम कितने डिब्बे उतरे
पाकिस्तान रेलवे सुक्कुर मंडल वाणिज्यिक अधिकारी (डीसीओ) मोहसिन सियाल ने कहा कि कुछ डिब्बे पटरी से उतर गए हैं। अधिकारी ने किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं की और न ही उन्होंने यह बताया कि कितने कोच पटरी से उतरे हैं। सियाल ने बताया कि यह घटना सरहरी रेलवे स्टेशन के आउटर सिग्नल पर हुई। उन्होंने डॉन के साथ बातचीत में कहा, ‘कुछ लोग बता रहे हैं कि पांच डिब्बे पटरी से उतर गए हैं, कुछ कह रहे हैं कि आठ डिब्बे पटरी से उतर गए हैं और कुछ कह रहे हैं कि 10 डिब्बे पटरी से उतर गए हैं।’
