नई दिल्ली
24 जनवरी 2021 की वो भयानक रात, जब एक शख्स ने अपने ही परिवार के 6 लोगों का बेरहमी से कत्ल कर दिया। वो एक-एक कर कमरों के दरवाजे खोलता गया और जो सामने आया, उसे गोली मारता गया। पहले पिता, फिर मां, इसके बाद बहन और भाई। इतने से भी जब उसका मन नहीं भरा, तो उसने अपनी उस भाभी को भी गोली मार दी, जिसके गर्भ में एक नन्ही जान पल रही थी। अब इसी कातिल को 6 हत्याओं का दोषी माना गया है और उसे हर कत्ल के लिए 40 से 65 साल जेल की सजा हो सकती है।
आखिर क्या था ये पूरा मामला? एक शख्स ने क्यों अपने ही परिवार को मिटा डाला? उस रात घर के भीतर ऐसा क्या हुआ था? आइए आपको जुर्म की ये पूरी कहानी बताते हैं। मामला इंडियाना के इंडियानापोलिस शहर का है, जब 24 जनवरी को 17 साल का रेमंड रोनाल्ड ली चाइल्ड्स नाम का ये किशोर रात में देर से अपने घर लौटा।
पिता ने उससे देरी से लौटने की वजह पूछी, तो उसने बताया कि वो अपनी गर्लफ्रेंड के पास था और वापस उसी के घर जा रहा है। उसने कहा कि रात में वो अपनी गर्लफ्रेंड के घर पर ही रुकेगा। इसपर पिता ने उसे रोका और गर्लफ्रेंड के घर जाने के लिए साफ-साफ मना कर दिया। इतना कहकर उसके पिता अपने कमरे में सोने के लिए चले गए।
पिता को लगा कि बात यहीं खत्म हो गई, लेकिन ऐसा नहीं था। गर्लफ्रेंड के घर जाने से रोकने की बात पर रेमंड बुरी तरह भड़क उठा। इतना कि उसने घर के अंतर रखी पिस्तौल उठाई और सीधा अपने पिता के कमरे में पहुंचा। पिता कुछ समझ पाते, उससे पहले ही रेमंड ने ट्रिगर दबा दिया और गोली उनके सीने के पार हो गई। लहूलुहान हालत में उसके पिता ने वहीं तड़पते हुए दम तोड़ दिया।
अजन्मे बच्चे की भी ले ली जान
इसके बाद रेमंड अपनी मां के कमरे में गया। उसके सिर पर जैसे खून सवार था और मां के ऊपर भी उसने गोली चला दी। इसके बाद वो कमरों के दरवाजे खोलता गया और कत्ल करता गया। बहन और भाई को मारने के बाद वो अपनी भाभी के कमरे में पहुंचा और उसके साथ-साथ गर्भ में पल रहे अजन्मे बच्चे की भी हत्या कर दी।
छोटे भाई ने पुलिस को बताई हकीकत
इतने में शोर सुनकर उसका छोटा भाई वहां पहुंचा। रेमंड ने उसे भी नहीं बख्शा और गोली चला दी। इसके बाद वो घर से निकला और भागकर अपने एक रिश्तेदार के यहां छिप गया। रेमंड को लगा था कि उसके परिवार में अब कोई नहीं बचा, लेकिन ऐसा नहीं था। उसके छोटे भाई को गोली लगी जरूर थी, लेकिन वो केवल घायल हुआ था। कुछ होश आते ही उसने तुरंत पुलिस को फोन किया और अपने घर में खेले गए खूनी खेल के बारे में बताया।
पहले किया नाटक, फिर कबूला गुनाह
अगले दिन पुलिस ने रेमंड को गिरफ्तार कर लिया। शुरुआत में उसने नाटक किया और फर्जी आंसू बहाए, लेकिन बाद में पूरी सच्चाई बयां कर दी। पुलिस ने उसके घर से उस पिस्तौल को भी बरामद कर लिया, जिससे उसने इस हत्याकांड को अंजाम दिया था। करीब साढ़े तीन साल तक चली सुनवाई के बाद पिछले हफ्ते शुक्रवार को रेमंड को 6 हत्याओं का दोषी करार दिया गया।
हर कत्ल के लिए 40 से 65 साल की जेल
दोषी ठहराए जाने के बाद रेमंड रोनाल्ड ली चाइल्ड्स को अब 7 जनवरी 2025 को सजा सुनाई जाएगी। इंडियाना के कानूनों के मुताबिक, उसे हत्या के हर मामले में 40 से 65 साल जेल की सजा हो सकती है। वहीं, अपने छोटे भाई की हत्या के प्रयास के आरोप में उसे 20 से 40 साल के लिए जेल की सलाखों के पीछे भेजा जा सकता है।
