भोपाल
भोपाल। होली के पावन पर्व पर अपनों के बीच पहुँचने की जद्दोजहद कर रहे यात्रियों की मजबूरी का निजी बस ऑपरेटर जमकर फायदा उठा रहे हैं। मध्य प्रदेश में त्योहार के चलते यात्रियों की भारी भीड़ का लाभ उठाते हुए बस संचालकों ने किराये में अप्रत्याशित बढ़ोतरी कर दी है। ऑनलाइन बुकिंग ऐप्स पर नजर डालें तो भोपाल से विभिन्न शहरों का किराया सामान्य दिनों के मुकाबले चार से पांच गुना तक बढ़ गया है। आसमान छूता किराया: एक नजर में त्योहार के सीजन में यात्रियों की जेब पर किस तरह डाका डाला जा रहा है, इसका अंदाजा इन आंकड़ों से लगाया जा सकता है: भोपाल से लखनऊ: ऑनलाइन बस बुकिंग ऐप्स पर किराया 8,899 रुपये तक पहुँच गया है।
भोपाल से सतना: सामान्य दिनों में 1,000 से 1,200 रुपये रहने वाला किराया रेड बस जैसे ऐप्स पर 4,500 रुपये दिखाया जा रहा है। भोपाल से रीवा: सुनील टूर एंड ट्रैवल्स द्वारा अधिकतम 6,000 रुपये तक किराया वसूला जा रहा है। वहीं, अंजुमन ट्रैवल्स 5,000 रुपये और देव हाई स्पीड ट्रैवल्स 4,500 रुपये तक चार्ज कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री के आदेशों की अनदेखी हैरानी की बात यह है कि बस ऑपरेटरों की यह मनमानी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के सख्त निर्देशों के बावजूद जारी है। मुख्यमंत्री ने महज एक दिन पहले ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को स्पष्ट आदेश दिए थे कि त्योहार के दौरान यात्रियों से अवैध वसूली रोकी जाए और ओवररेटिंग करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए। इसके बावजूद धरातल पर ऑपरेटर बेखौफ होकर यात्रियों की मजबूरी का फायदा उठा रहे हैं।
Read Also :- भीकम बनें उपाध्यक्ष,भाजपा जिला भोपाल पदाधिकारियों की घोषणा
