लंदन,
इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया को एशेज सीरीज के पांचवें मुकाबले में 49 रनों से हरा दिया है. लंदन के ओवल मैदान पर हुए इस मैच में 384 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलियाई टीम की दूसरी पारी खेल के आखिरी दिन (31 जुलाई) 334 रनों पर सिमट गई. मुकाबले में जीत हासिल करके इंग्लैंड टीम ने अपने दिग्गज तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड को यादगार विदाई दी. खास बात यह रही कि ब्रॉड ने ही आखिरी के दो विकेट (टॉड मर्फी और एलेक्स कैरी) चटकाए. ऑस्ट्रेलिया-इंग्लैंड के बीच ये टेस्ट सीरीज 2-2 से बराबरी पर छूटी.
हालांकि ऑस्ट्रेलियाई टीम ने 2-2 से सीरीज की बराबर के बावजूद एशेज पर कब्जा बरकरार रखा. दोनों देशों के बीच पिछली एशेज सीरीज में ऑस्ट्रेलिया ने 4-0 से जीत हासिल की थी. ऐसे में डिफेंडिंग चैम्पियन होने के चलते एशेज ट्रॉफी कंगारू टीम के पास ही रहेगी. ऑस्ट्रेलियाई टीम ने लगातार चौथी बार एशेज ट्रॉफी अपने पास रखी है. 2017-18 की सीरीज में ऑस्ट्रेलिया ने 4-0 से जीत हासिल कर एशेज पर कब्जा किया था. फिर 2019 की सीरीज 2-2 से बराबरी पर रही जिसके कारण एशेज ट्रॉफी ऑस्ट्रेलिया के पास ही रहा. इसके बाद 2021-22 में ऑस्ट्रेलिया ने 4-0 से एशेज सीरीज में जीत हासिल की.
पांचवें टेस्ट मैच का हाल-
ऑस्ट्रेलियाई टीम- पहली पारी: 295 और दूसरी पारी: 334
इंग्लैंड टीम- पहली पारी: 283 रन और दूसरी पारी: 395
