नई दिल्ली,
इजरायली सेना ने दावा किया है कि हसन खलील यासीन हिजबुल्लाह की मिसाइल और ड्रोन यूनिट्स के साथ मिलकर काम करता था. आईडीएफ ने दावा किया कि वह आने वाले दिनों में इजरायल में हमले करने की योजना बना रहा था.
इजरायल ने दावा किया है कि उसने हिज्बुल्लाह के प्रमुख हसन नसरल्लाह के बाद इसके एक और टॉप कमांडर को मार गिराया है. इजरायल के मुताबिक, शनिवार को बेरूत के दक्षिणी उपनगर में हवाई हमले के दौरान हिजबुल्लाह के टॉप कमांडर हसन खलील यासीन की मार गिराया गया. इस बीच इजरायल के लेबनान में हमले जारी हैं.
मिसाइल और ड्रोन यूनिट में काम करता था हसन
इजरायल सेना (आईडीएफ) ने कहा कि हसन खलील यासीन, हिजबुल्लाह के खुफिया विभाग की एक यूनिट का नेतृत्व कर रहा था, जिसके पास इजरायल को निशाना बनाकर किए जाने वाले हमलों का काम सौंपा गया था.आईडीएफ ने दावा किया कि यासीन हिजबुल्लाह की मिसाइल और ड्रोन यूनिट्स के साथ मिलकर काम करता था और युद्ध की शुरुआत से ही नागरिकों और सैनिकों के खिलाफ किए गए आतंकी साजिशों में “व्यक्तिगत रूप से” शामिल था. आईडीएफ के मुताबिक, उसने आने वाले दिनों में यहूदी राष्ट्र पर अतिरिक्त हमलों की भी योजना बनाई थी.
इजरायल का बयान
इजरायल द्वारा हसन खलील खात्मे की खबर हिजबुल्लाह नेता हसन नसरल्लाह के बेरूत पर इजरायली हवाई हमले में मारे जाने के कुछ घंटों बाद आई है. आईडीएफ ने हमलों में उसकी मौत की खबर की पुष्टि करते हुए कहा, “हसन नसरल्लाह अब दुनिया को आतंकित नहीं कर पाएगा.”
नसरल्लाह की मौत की खबर के बाद ईरान में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए हैं. प्रदर्शनकारियों ने मारे गए हिजबुल्लाह नेता तस्वीरें हाथ में लेकर “बदला लो”, “इज़रायल मुर्दाबाद” और “अमेरिका मुर्दाबाद” जैसे नारे भी लगाए. ईरान ने हिज्बुल्लाह के इज़रायल के साथ बढ़ते तनाव के बीच संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की तत्काल बैठक का भी आह्वान किया है.
