बीजिंग
चीन में कोरोना वायरस के ओमिक्रोन वेरिएंट का BF.7 सब वेरिएंट तबाही मचा रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि भविष्य में कोरोना के कई और वेरिएंट हमें देखने को मिल सकते हैं। इस बीच वायरोलॉजिस्ट एरिक फेगल डिंग ने ओमिक्रोन के नए सब वेरियंट को लेकर चेतावनी दी है। उन्होंने संभावना जताई है कि नया XBB15 स्ट्रेन अगली बड़ी तबाही ला सकता है। आइए जानते हैं कि ये वेरिएंट कितना खतरनाक है और इसके बारे में हमें क्या पता है। एरिक के मुताबिक XBB15 कोरोना के ओमिक्रोन वेरिएंट का एक नया सब-वेरिएंट है जो BQ और XBB वेरिएंट की तुलना में ज्यादा इम्यून है और तेजी से फैल रहा है।
एरिक ने एक अप्रकाशित डेटा शेयर करते हुए इसे सुपर वेरिंट बताया। जिसके मुताबिक अमेरिका में इस वेरिएंट का संक्रमण 40 फीसदी तक हो गया है। इससे संक्रमित हो रहे लोगों को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ रहा है। न्यू यॉर्क के अस्पतालों में इससे संक्रमित मरीज तेजी से भर्ती हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि कई मॉडल इसकी पुष्टि करते हैं कि XBB15 का ट्रांसमिशन दर और आर वैल्यू पिछले वेरिएंट्स की तुलना में ज्यादा खतरनाक है। एक पुराने डेटा के मुताबिक XBB15 पिछले BQ1 वेरिएंट की तुलना में 108 फीसदी तेज है। लेकिन नए डेटा के मुताबिक अब इसकी रफ्तार 108 फीसदी से बढ़ कर 120 फीसदी हो गई है।
अमेरिका छिपा रहा डेटा!
विशेषज्ञ ने यह भी कहा कि वैरिएंट की रिपोर्ट पिछले हफ्ते या उससे एक हफ्ते पहले नहीं की गई थी। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि अमेरिकी CDC काफी लंबे समय से डेटा छुपा रहा है, भले ही पिछले कुछ महीनों से वैरिएंट के मामलों में भारी वृद्धि हो रही है। उन्होंने यह भी कहा कि वेरिएंट को पिछले सप्ताह या उससे पिछले सप्ताह रिपोर्ट नहीं किया गया था। उन्होंने इशारों-इशारों में कहा कि लंबे समय से वायरस बढ़ रहा है लेकिन अमेरिका का CDC डेटा छिपा रहा है।
पहले से ज्यादा खतरनाक है नया वेरिएंट
एरिक ने बताया कि उन्होंने पहले भी सिंगापुर से XBB के नए वेरिएंट की चेतावनी दी थी। लेकिन यह XBB15 अमेरिका में म्यूटेशन के बाद बना है। यह पुराने XBB वेरिएंट की तुलना में 96 फीसदी ज्यादा तेज है। अक्टूबर में न्यूयॉर्क में यह पहली बार मिला और तब से इसके मामले बढ़ रहे हैं। इस वेरिएंट पर वैक्सीन प्रभावी होगा या नहीं इसे लेकर एरिक का कहना है कि कुछ हद तक वैक्सीन प्रभावी होनी चाहिए, लेकिन यह कितना होगा इसके बारे में हमें कुछ नहीं पता।
