यरुशलम:
इजरायली सेना ने कहा है कि उसने गाजा में हमास के राजनीतिक ब्यूरो के आखिरी बचे सदस्यों में एक को मार गिराया है। शुक्रवार को दक्षिणी गाजा पट्टी में हवाई हमले में हमास कमांडर इज अल-दीन कसाब की मौत हो गई। कसाब हमास के राजनीतिक ब्यूरो के आखिरी बचे सदस्यों में से एक था। इजरायली सेना ने बताया कि वह गाजा में हमास और अन्य आतंकवादी समूहों के बीच संबंध बनाने में भूमिका निभा रहा था।
चलती कार में उड़ाया
कसाब को दक्षिणी गाजा के खान यूनिस इलाके में निशाना बनाया गया, जब वह कार से जा रहा था। हमले में कसाब का करीबी अयमान आयेश भी मारा गया। इजरायली सेना ने हवाई हमले की फुटेज भी जारी की है। वीडियो फुटेज में एक कार आती दिखाई देती है। इसी दौरान इजरायली विमान उसे टारगेट पर लेता है, जिसके बाद एक विस्फोट होता है, जिसमें कार के परखच्चे उड़ जाते हैं।
आईडीएफ ने कहा, ‘कसाब अपनी भूमिका के चलते सत्ता का महत्वपूर्ण स्रोत था और गाजा पट्टी में अन्य गुटों के साथ संगठन के रणनीतिक और सैन्य संबंधों के लिए जिम्मेदार था। उसके पास इजरायल के खिलाफ आतंकी हमलों को अंजाम देने का निर्देश देने का अधिकार था।’
हमास से युद्धविराम पर बातचीत जारी
इस बीच मोसाद प्रमुख ने उन रिपोर्टों को खारिज किया जिसमें कहा गया था कि हमास ने 12 दिनों के युद्ध विराम के मिस्र के प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया है। मोसाद प्रमुख ने शुक्रवार को गाजा में बंधकों के परिवार के साथ बातचीत के दौरान ये जानकारी दी। उन्होंने बंधकों के परिवार से बताया कि प्रस्ताव पर हमास अगले सप्ताह जवाब दे सकता है। मिस्र का प्रस्ताव शुरुआती 48 घंटे के युद्धविराम से शुरू होगा,जिसके बाद अगले 10 दिनों में हमास चार इजरायली बंधकों को रिहा करेगा।
Israel Iran War: खामेनेई की इजरायल पर काउटंर अटैक की तैयारी, सेना को दी हरी झंडी
चारों बंधक मानवीय श्रेणी में आएंगे। यानी वे या तो महिलाएं, बुजुर्ग या बीमार होंगे। अधिकारियों ने बताया कि इस दौरान इजरायल लगभग 100 फिलिस्तीनी सुरक्षा कैदियों को रिहा करेगा। 12 दिवसीय सौदे के दौरान इजरायल और हमास लंबे युद्ध विराम के बारे में बातचीत करेंगे।
