नई दिल्ली,
इजरायली सुरक्षाबलों द्वारा ताबड़तोड़ हमले के बाद लेबनान ने इजरायल पर पलटवार किया है. लेबनान ने इजरायल पर जबरदस्त अटैक करते हुए एक के बाद एक 35 रॉकेट लॉन्च किए और दो ड्रोन भी दागे. हालांकि, इजरायली सेना ने रॉकेट और ड्रोन को हवा में ही मार गिराया है.लेबनान के पलटवार की पुष्टि करते हुए आईडीएफ ने कहा कि लेबनान की ओर से लॉन्च किए गए दो ड्रोनों को नौसेना की मिसाइल नाव और एयरफोर्स के हेलीकॉप्टर द्वारा इजरायल के जल क्षेत्र में मार गिराया गया है. इस घटना में कोई भी हताहत नहीं हुई है.
आईडीएफ का कहना है कि पिछले एक घंटे में उत्तरी इजराइल में लेबनान से लगभग 35 रॉकेट लॉन्च किए गए. इजरायली मिलिट्री के अनुसार, पश्चिमी गलील की ओर से दस रॉकेट दागे गए. इस रॉकेटों से होने वाले नुकसान की पहचान की गई है.इजरायली सेना ने बताया कि 25 रॉकेट हाइफा बे इलाके में दागे गए हैं. ये सभी रॉकेट खुले इलाके में गिरे. इन हमलों में भी किसी भी प्रकार की कोई हताहत की जानकारी सामने नहीं आई है.
‘हमारे लिए कोई भी जगह दूर नहीं’
वहीं, लेबनान के पलटवार पर बोलते हुए इजरायल के रक्षा मंत्री योव गैलेट ने कहा कि मैं अपने दुश्मन का पता लगाऊंगा और उन्हें पकड़ लूंगा. साथ ही उनके अंत तक वापस देश नहीं लौटूंगा. मैंने एयरफोर्स के कंट्रोल रूम से हूती विद्रोहियों के खिलाफ होने वाले हमले के बारे में जानकारी ली. हमारा मैसेज साफ है कि हमारे लिए कोई भी जगह दूर नहीं है.
हिज्बुल्लाह का एक और कमांडर
बता दें कि रविवार को एक भीषण हवाई हमले में इजरायल डिफेंस फोर्सेस ने हिज्बुल्लाह के एक बड़े कमांडर नबील कौक को मार गिराया. वो हिज्बुल्लाह की प्रिवेंटिव सिक्योरिटी यूनिट का कमांडर और एग्जीक्यूटिव काउंसिल का सीनियर मेंबर था. इसे हाल ही ही मारे गए हिज्बुल्लाह चीफ हसन नसरल्लाह का करीबी माना जाता था. इसकी मौत इजरायली सेना के लिए एक बड़ी सफलता मानी जा रही है. इससे पहले इजरायली एयरफोर्स ने बेरूत में ताबड़तोड़ हमले किए थे, जिसमें हिज्बुल्लाह का पूर्व चीफ हसन नसरल्लाह मारा गया था.
आईडीएफ ने अपने ऑफिशियल एक्स अकाउंट पर नबील कौक के मारे जाने की पुष्टि की है. आईडीएफ ने लिखा है, ”कौक हिज्बुल्लाह के वरिष्ठ कमांडरों का करीबी था. इजराइल और उसके नागरिकों के खिलाफ आतंकवादी हमलों में सीधे तौर पर शामिल था. वो 1980 के दशक में हिज्बुल्लाह में शामिल हुआ. वो ऑपरेशनल काउंसिल में दक्षिणी क्षेत्र के डिप्टी कमांडर के रूप में कार्यरत था. इजरायली सेना हिज्बुल्लाह के कमांडरों के खात्मे काम जारी रखेगी. उनके खिलाफ कार्रवाई करती रहेगी.”
