मॉस्को,
रूस की एफएसबी सिक्योरिटी सर्विस ने गुरुवार को कहा कि उसने पिछले महीने मॉस्को कॉन्सर्ट हॉल पर हुए आतंकवादी हमले की साजिश में शामिल होने के संदेह में तीन और लोगों को गिरफ्तार किया है. सरकारी मीडिया ने इसकी जानकारी दी है. हथियारबंद लोगों ने मॉस्को के बाहरी इलाके में स्थित क्रोकस सिटी हॉल पर हमला किया था और इमारत में आग लगा दी थी. आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट (आईएस) ने इस हमले की जिम्मेदारी ली जिसमें 140 से अधिक लोग मारे गए थे.
एफएसबी ने तीन लोगों को किया गिरफ्तार
एफएसबी ने गुरुवार को कहा कि उसने हमले के लिए फंडिंग और लोगों की भर्ती करने के आरोप में मॉस्को से तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. इंटरफैक्स न्यूज एजेंसी ने एफएसबी के हवाले से कहा, ‘हिरासत में लिए गए लोगों में से दो ने आतंकवादी हमले में इस्तेमाल हुए हथियार और गाड़ियों की खरीद के लिए पैसे ट्रांसफर किए और तीसरा व्यक्ति सीधे तौर पर आतंकी हमले के लिए लोगों की भर्ती करने और उनकी फंडिंग में शामिल था.’
मॉस्को ने पश्चिमी देशों पर लगाया आरोप
सरकारी मीडिया की ओर से जारी किए गए वीडियो में एफएसबी एजेंट आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए दिखाई दे रहे हैं. एजेंसी ने बताया कि इनमें दो विदेशी नागरिक हैं और एक रूसी है. रूस ने हमले में शामिल एक दर्जन से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया है जिनमें चार बंदूकधारी भी शामिल हैं जो सभी ताजिकिस्तान के नागरिक हैं. इस्लामिक स्टेट ने हमले की जिम्मेदारी ली है लेकिन मॉस्को बार-बार कह रहा है कि यह कीव या पश्चिमी देशों की ओर से दिया गया ‘आदेश’ था.
22 मार्च को हुआ था हमला
मॉस्को के मशहूर कन्सर्ट हॉल क्रोकस सिटी में हजारों की संख्या में लोग मौजूद थे, जब 22 मार्च की शाम आतंकियों ने हमला कर दिया. हमले की जिम्मेदारी लेने के साथ ही इस्लामिक स्टेट ने अपने कथित टेलीग्राम चैनल के जरिए दावा किया कि हमले को अंजाम देकर उसके आतंकी ठिकाने पर वापस लौट गए. कन्सर्ट हॉल मॉस्को में काफी मशहूर है और बीते दिन यहां कमोबेश 6200 लोग मौजूद थे.
