तेहरान,
ईरान में हिजाब के खिलाफ जारी प्रदर्शन और हिंसक हो गया. अब तक 40 प्रदर्शनकारियों की मौत हो चुकी है. ईरानी महिला महसा अमिनी की मौत के बाद से पूरे ईरान में विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं. उग्र होते प्रदर्शनों को देखते हुए सरकार ने इंटरनेट पर रोक लगा दी है. इसके साथ ही ईरान के खुफिया मंत्रालय ने गुरुवार को चेतावनी दी कि विरोध प्रदर्शनों में भाग लेना अवैध है और प्रदर्शनकारियों पर केस चलाया जाएगा.
ईरान में महसा अमिनी की पुलिस कस्टडी में मौत हो गई थी. पुलिस ने उन्हें महिलाओं के लिए ईरान के सख्त ड्रेस कोड के उल्लंघन के मामले में गिरफ्तार किया था. पुलिस का दावा है कि महसा की मौत हार्ट अटैक से हुई. जबकि अमिनी के परिवार का दावा है कि महसा बिल्कुल स्वस्थ थीं. पुलिस हिरासत में ही कुछ ऐसा हुआ, जिससे उसकी मौत हो गई.
ईरान में अब तक 40 प्रदर्शनकारियों की मौत
महसा अमिनी की मौत के बाद सबसे पहले कुर्दिस्तान में विरोध प्रदर्शन हुए. देखते ही देखते ये विरोध प्रदर्शन लगभग पूरे ईरान में होने लगे. महिलाएं महसा अमिनी की मौत का विरोध हिजाब जलाकर और अपने बाल काट कर जता रही हैं. ईरान में सुरक्षाबल लगातार प्रदर्शनकारियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए बल का इस्तेमाल कर रहे हैं. अब तक ईरान में 40 प्रदर्शनकारियों की मौत हो चुकी है. यूएन, अमेरिका समेत तमाम देश इसकी आलोचना कर रहे हैं.
ईरानी पत्रकार और एक्टिविस्ट मसीह अलीनेजादी (Masih Alinejad) के मुताबिक, ईरान में अब तक 40 प्रदर्शनकारियों की मौत हो चुकी है. अकेले अमोल शहर में 10 लोगों की मौत हुई है. ईरान में फेसबुक, टेलीग्राम, ट्विटर और यूट्यूब को भी बैन कर दिया गया है.
समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, ईरान के 50 से ज्यादा शहरों में प्रदर्शन हो रहे हैं. प्रदर्शनकारियों ने गुरुवार को दो थानों व कई वाहनों में आग लगा दी. इस दौरान सुरक्षाबलों से हुई झड़पों में अब तक करीब 40 प्रदर्शनकारियों की जान जा चुकी है. सुरक्षाकर्मी प्रदर्शनकारियों की धरपकड़ के लिए रिहायशी बिल्डिंगों में भी छापेमारी कर रहे हैं.
