नई दिल्ली,
अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है. इसके साथ ही विधायक दल की नेता चुनी गईं आतिशी ने भी उपराज्यपाल के सामने सरकार बनाने का दावा पेश कर दिया है. AAP नेता गोपाल राय ने इस बारे में जानकारी देते हुए कहा, ‘हमने आतिशी को नए सीएम बनाने का दावा एलजी के सामने पेश किया है. साथ ही हमने उपराज्यपाल से शपथ ग्रहण की तारीख तय करने की भी मांग की है.’
वहीं केजरीवाल के इस्तीफे के बाद और अपनी सरकार का दावा पेश करने के बाद आतिशी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा. आतिशी ने कहा, बीजेपी ने हमारे सीएम पर फर्जी आरोप लगाया. आतिशी ने केजरीवाल के इस्तीफे के फैसले को दुनिया के लोकतांत्रिक इतिहास का सबसे बड़ा फैसला बताया. भाजपा पर निशाना साधते हुए आतिशी बोलीं, ‘उन्होंने सारी एजेंसियां अरविंद केजरीवाल के पीछे लगा दीं. 6 महीने तक वो जेल में थे. अरविंद केजरीवाल की जगह कोई और होता तो तुरंत सीएम की कुर्सी पर बैठ जाता है. दिल्ली के लोग बहुत दुखी हैं. लेकिन साथ ही उन्होंने ये भी प्रण लिया है कि केजरीवाल जी को फिर से सीएम बनाना है.’
‘चुनाव तक मेरे पास सिर्फ दो काम’
इसके साथ ही आतिशी ने स्पष्ट कहा कि वो आगामी चुनाव तक ही सीएम रहेंगी और जब दोबारा AAP की सरकार बनेगी तो केजरीवाल ही सीएम बनेंगे. साथ ही आतिशी ने कहा कि अगले चुनाव तक मेरे पास सिर्फ दो काम हैं. पहला, ‘दिल्ली के लोगों की भाजपा के षड़यंत्र से रक्षा करना’. दूसरा- ‘केजरीवाल को फिर से सीएम बनाना.’
भाजपा ने साधा निशाना
वहीं आतिशी के सीएम चुने जाने पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने AAP पर निशाना साधा है. वीरेंद्र सचदेवा ने कहा, चेहरा बदल देने से AAP का चरित्र नहीं बदलेगा. AAP चेहरा बदलकर मेकओवर करना चाहती है. लेकिन भ्रष्टाचार के जो धब्बे उनके दामन पर लगे हैं, वो साफ नहीं होंगे.
