12.8 C
London
Monday, May 4, 2026
Homeराज्य36 घंटों में 5 की मौत, बेंगलुरु में लगातार बारिश से लोगों...

36 घंटों में 5 की मौत, बेंगलुरु में लगातार बारिश से लोगों का हाल-बेहाल, राहत-बचाव में जुटा महकमा

Published on

बेंगलुरु:

कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में जोरदार बारिश ने कहर बरपाया है। पिछले 36 घंटों से हो रही भारी बारिश के कारण मंगलवार को भी जनजीवन प्रभावित रहा। जलमग्न सड़कों के बीच कई जगह ट्रैफिक जाम हो गया । वहीं राज्य में बारिश से संबंधित मौतों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है। अधिकारियों ने बताया कि भारी बारिश के कारण शहर के साई लेआउट में एक द्वीप जैसी स्थिति बन गई। यहां घरों की निचली मंजिलें आधी डूब गई हैं। इसके कारण लोग घरों से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। प्राधिकारियों ने बताया कि सोमवार को करीब 150 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।

साई लेआउट में भरा पानी
बृहत बेंगलुरु महानगर पालिका (बीबीएमबी) ने साई लेआउट में लोगों के लिए भोजन और पानी की व्यवस्था की। लोगों ने शिकायत की है कि नगर निगम की एजेंसियों को साई लेआउट में रहने वाले लोगों की परेशानियों की कोई चिंता नहीं है। भारी बारिश के कारण शहर के हेनूर स्थित एक अनाथालय में भी पानी भर गया। फायर ब्रिगेड और एनडीआरएफ की टीम मिलकर अनाथालय में मौजूद लोगों को बचाया। मान्यता टेक पार्क और सिल्क बोर्ड जंक्शन जैसे कई इलाकों के जलमग्न हो जाने के कारण वहां आवागमन में लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

शहर में कई जगह जाम
जलभराव के कारण सड़कों पर कई वाहन फंस गए। इससे शहर के कई हिस्सों में ट्रैफिक जाम रहा। पुलिस ने मंगलवार को बताया कि शहर के एक अपार्टमेंट में घुसे बारिश के पानी को निकालने का प्रयास करते समय 12 वर्षीय एक बच्चे सहित दो लोगों की बिजली का करंट लगने से मौत हो गई। मीको लेआउट पुलिस के अनुसार, बीटीएम सेकेंड स्टेज के पास एनएस पाल्या में मधुवन अपार्टमेंट निवासी मनमोहन कामत (63) ने सोमवार शाम को अपने घर से पानी निकालने के लिए मोटर चालित पंप का उपयोग करने की कोशिश की थी।

करंट लगने से मौत
घटना की जांच में शामिल पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि जब उन्होंने पंप को बिजली के बोर्ड से जोड़ा तो ‘शॉर्ट सर्किट’ हो गया और करंट लगने से उनकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि इस बीच अपार्टमेंट परिसर में काम करने वाले नेपाली व्यक्ति का बेटा दिनेश (12) भी कामत के पास खड़ा था और बिजली का करंट लगने से उसकी भी मौत हो गई। थाना प्रभारी ने पुष्टि की है कि अस्पताल में डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया और दोनों मामलों में अप्राकृतिक मौत की रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।

दीवार गिरने से महिला की मौत
इससे पहले सोमवार को महादेवपुरा थाने के अंतर्गत क्षेत्र में एक कंपनी में झाड़ू लगाते समय इमारत की दीवार गिर जाने से शशिकला (35) की मौत हो गई थी। अधिकारियों ने बताया कि रायचूर और कारवाड़ में बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हो गई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, पिछले 24 घंटों में बेंगलुरु में लगभग 30 मिलीमीटर बारिश हुई है। विभाग के अनुसार, रविवार रात से सोमवार सुबह तक शहर में 105 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। दक्षिण कन्नड़ के जिला मुख्यालय शहर मंगलुरु में पिछले 24 घंटों में 90 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
आईएमडी ने मंगलवार को बेंगलुरु के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ और कर्नाटक के विभिन्न स्थानों के लिए ‘यलो अलर्ट’ जारी किया है। आईएमडी बेंगलुरु केंद्र के निदेशक एन. पुवियारसु ने कहा, ‘‘जितनी बारिश हो रही है यह ग्रामीण क्षेत्रों के लिए कुछ भी नहीं है। लेकिन बेंगलुरु जैसे शहरों में कंक्रीट निर्माण के कारण जल निकासी के रास्ते अवरुद्ध हो रहे हैं, इसलिए हमने ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है, ताकि अधिकारी उसी के अनुसार तैयारी कर सकें। आईएमडी के बयान के अनुसार, बागलकोट, बेंगलुरु शहरी, बेंगलुरु ग्रामीण, बेलगाम, चिक्कबल्लापुर, धारवाड़, गडग, कोलार, कोप्पल, विजयनगर जिले आज बारिश से प्रभावित रहेंगे।

उपमुख्यमंत्री ने क्या कहा?
कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने मंगलवार को कहा कि अधिकारी भारी बारिश के कारण उत्पन्न समस्याओं से निपट रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसी को भी चिंता करने की कोई आवश्यकता नहीं है। उपमुख्यमंत्री व बेंगलुरु के प्रभारी मंत्री शिवकुमार ने कहा कि सरकार लोगों के जीवन और संपत्ति की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्थिति से निपटने में प्रशासन की विफलता की विपक्ष की आलोचना पर पलटवार करते हुए पूछा कि क्या वे प्रकृति को रोक सकते हैं? सरकार के दो वर्ष का कार्यकाल पूरा होने के उपलक्ष्य में होसपेट में आयोजित एक कार्यक्रम में भाग लेने के लिए रवाना होने से पहले यहां संवाददाताओं से उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सिद्धरमैया कल कुछ वर्षा प्रभावित स्थानों का दौरा करेंगे।

Latest articles

नये मध्यप्रदेश का मार्वलस माइलस्टोन साबित होगा इन्दौर-पीथमपुर इकोनॉमिक कॉरिडोर: मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 2360 करोड़ की लागत के इंदौर-पीथमपुर इकोनॉमिक कॉरिडोर के पहले...

किसके सिर सजेगा ताज : पांच राज्यों की विधानसभा 823 सीटों के लिए आज होगी मतगणना

नई दिल्ली। देश के पांच बड़े चुनावी मोर्चों असम, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरलम और...

जबलपुर बरगी डैम हादसा: राजधानी में बरपा युवा कांग्रेस का कहर

पर्यटन मंत्री के बंगले पर '11 अर्थियाँ' लेकर पहुँचे कार्यकर्ता भोपाल। जबलपुर के बरगी डैम...

8 करोड़ की लागत से बेहतर होगा सड़क परिवहन : राज्यमंत्री गौर

मिसरोद और बरखेड़ा पठानी में क्रमश: 2 करोड़ 68 लाख और 2 करोड़ 70...

More like this

सीसी रोड की खराब गुणवत्ता पर सख्त हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, दोषियों पर कार्रवाई के निर्देश

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बेमेतरा जिले के नगर पंचायत दाढ़ी...

15 जून तक पूरे हों मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा जल स्वावलंबन अभियान के कार्य, पौधारोपण की तैयारी के निर्देश

जयपुर। मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान 2.0 एवं जल संचय जन भागीदारी 2.0 की समीक्षा...

अहमदाबाद में ग्राम-2026 इन्वेस्टर मीट आयोजित, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने निवेशकों को दिया राजस्थान में निवेश का आमंत्रण

अहमदाबाद। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अहमदाबाद में आयोजित ग्राम-2026 इन्वेस्टर मीट में...