मैनपुरी
जनता दल (यूनाइटेड) ने शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और अन्य सभी दलों से उत्तर प्रदेश के मैनपुरी से लोकसभा उपचुनाव में समाजवादी पार्टी की डिंपल यादव के खिलाफ उम्मीदवार न उतारने की अपील की। जदयू ने कहा है कि यह दिवंगत नेता मुलायम सिंह यादव के लिए ‘सच्ची श्रद्धांजलि’ होगी। मुलायम सिंह यादव इस सीट का प्रतिनिधित्व करते रहे थे। सपा के मुखिया और अपने समय के सबसे बड़े समाजवादी नेताओं में से एक मुलायम सिंह यादव के निधन के कारण मैनपुरी लोकसभा क्षेत्र से उप चुनाव कराना पड़ा है। उप चुनाव पांच दिसंबर को होगा।
जदयू के प्रवक्ता केसी त्यागी ने कहा कि उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री किसानों और मजदूर वर्ग के बड़े नेता थे तथा उनके योगदान को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित विभिन्न दलों के नेताओं ने स्वीकार किया है। उन्होंने कहा कि हम भाजपा और बसपा सहित सभी दलों से (मैनपुरी सीट से) चुनाव न लड़ने और डिंपल यादव का समर्थन करने की अपील करते हैं। यह मुलायम सिंह यादव को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
केसी त्यागी ने कहा कि उनकी पार्टी ने उन्हें (डिंपल को) अपना समर्थन दिया है। जदयू की ओर से इस प्रकार की मांग को लेकर अब राजनीति शुरू हो गई है। जदयू की नजर लोकसभा चुनाव 2024 पर है। इसको लेकर जदयू समाजवादी पार्टी का यूपी में समर्थन चाह रही है। पिछले दिनों नीतीश कुमार सैफई पहुंचकर नेताजी के निधन के बाद श्रद्धांजलि अर्पित की थी। हालांकि, जदयू के नेता नीतीश कुमार को पीएम पद का फेस बनाए जाने को लेकर अब तक स्थिति को साफ नहीं कर रहे हैं
