जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को राजधानी जयपुर स्थित सवाई मानसिंह (एसएमएस) अस्पताल पहुंचकर ओपीडी सेवाओं का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों में चिकित्सा व्यवस्थाओं, दवा वितरण, जांच सुविधाओं और साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने मरीजों और उनके परिजनों से सीधे संवाद कर अस्पताल की व्यवस्थाओं पर फीडबैक लिया तथा अधिकारियों को स्वास्थ्य सेवाओं में आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। भीलवाड़ा दौरे से लौटते समय मुख्यमंत्री अचानक एसएमएस अस्पताल पहुंचे और धन्वंतरी भवन स्थित ओपीडी का निरीक्षण किया।
उन्होंने मेडिसिन, ऑर्थोपेडिक्स, कार्डियोलॉजी, न्यूरोलॉजी सहित विभिन्न विभागों की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि एसएमएस अस्पताल देश के प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थानों में शामिल है, जहां राजस्थान के साथ अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए आते हैं। ऐसे में अस्पताल प्रशासन को रोगियों को बेहतर और सुगम स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए आधुनिक तकनीक और संसाधनों का अधिकतम उपयोग करना चाहिए। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि मरीजों को जांच और दवाओं के लिए अलग-अलग स्थानों पर भटकना न पड़े।
इसके लिए संबंधित विभागों की ओपीडी में ही जांच और दवा काउंटर की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अस्पताल परिसर में मरीजों और उनके परिजनों के लिए बैठने, पेयजल तथा स्वच्छता संबंधी सुविधाओं को और बेहतर बनाने पर भी जोर दिया। निरीक्षण के बाद मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार एसएमएस अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं को लगातार मजबूत कर रही है ताकि मरीजों को समय पर और गुणवत्तापूर्ण उपचार मिल सके। उन्होंने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में अस्पताल की व्यवस्थाओं में उल्लेखनीय सुधार हुआ है, लेकिन जहां भी कमियां हैं, उन्हें दूर करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
